भीषण गर्मी से बकरी-बकरे हो रहे बीमार, बकरीद में कुर्बानी से पहले चढ़ रही ड्रिप
गर्म हवाएं और आसमान से बरस रही आग केवल इंसानों को ही परेशान नहीं कर रही, बल्कि जानवरों पर भी मुसीबत बनकर टूट रही है। मुरादाबाद में बकरीद के लिए खरीदे गए बकरे भी गर्मी की चपेट में आ रहे हैं।

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश भट्ठी की तरह जल रहा है। ज्यादातर जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है। भीषण गर्मी से इंसान के साथ जानवर भी परेशान हो रहे हैं। ईद उल अजहा (बकरीद) के लिए तैयार किए जा रहे स्वस्थ बकरे भीषण गर्मी और हीटवेव के चलते बीमार पड़ रहे हैं। पशु चिकित्सालयों में पशुओं की संख्या बढ़ गई है। मुरादाबाद में बकरी बीमार पड़ गई। मालिक उसको लेकर अस्पताल पहुंचा।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के रहने वाले मोहम्मद कादिर के अनुसार, भीषण गर्मी में बकरी ने खाना-पीना बंद कर दिया है। कहा कि गर्मी के चलते बकरी को बुखार हो गया है। वह कुछ खा पी नहीं रही है। वहीं, एक अन्य मोहम्मद रउफ ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते पिछली रात से मेरी बकरी को दस्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ सप्लायर्स जानवरों का वजन बढ़ाने के लिए उनके पेट में पानी भर देते हैं, जिससे और भी दिक्कतें पैदा हो रही हैं।
पशु चिकित्साधिकारी के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण पशुओं को तेज बुखार, डिहाइड्रेशन और दस्त जैसी समस्याएं हो रही हैं। बकरों की अपेक्षा बकरियों की संख्या ज्यादा है। अधिकारी ने कहा कि बकरियों को अधिक पानी पिलाना चाहिए। इसके अलावा गर्मी में बाहर ले जाने से बचें। उपचार के तहत नसों में ड्रिप लगाई जा रही है। 27 और 28 मई को बकरीद मनाई जाएगी। बकरीद पर भेड़, बकरा और बकरी की बलि दी जाती है। बलि के बाद मांस को परिवार और जरूरतमंदों में बांटा जाता है।




