खखरेरू नाइट बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले, कनपुरवा और कोट टीम ने मारी बाजी

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जनपद के खखरेरू नगर पंचायत स्थित अपना बाजार मार्केट के पीछे आयोजित जिला स्तरीय प्रीमियर लीग-14 खखरेरू नाइट बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। टूर्नामेंट के पहले मैच में सभासद खखरेरू और कनपुरवा की टीम आमने-सामने रहीं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत प्रतिनिधि सैयद गौसुल हक उर्फ राजू प्रधान उपस्थित रहे।
पहले मुकाबले में सभासद 11 की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन पूरी टीम 8 ओवर में 10 विकेट खोकर मात्र 27 रन ही बना सकी और कनपुरवा को जीत के लिए 28 रनों का आसान लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनपुरवा टीम ने सहजता से रन बनाते हुए मैच जीतकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली। इस मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राजा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार गुड्डू केसरवानी के हाथों प्रदान किया गया।
इसी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले, जो पहला क्वार्टर फाइनल भी था, में कोट और केजीएन खागा की टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई। खागा टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी कोट टीम की शुरुआत खराब रही, जहां सलामी बल्लेबाज मूनम खान 3 रन और हामिद बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद माज भी मात्र 6 रन ही बना सके। हालांकि जैद उल्ला (24 रन, 15 गेंद) और मुशर्रफ (16 रन, 11 गेंद) ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए टीम को 8 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 67 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया और 68 रनों का लक्ष्य दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केजीएन खागा की टीम की शुरुआत भी कमजोर रही। सलामी बल्लेबाज रहमान 4 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि नादिर भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। मध्यक्रम में जुबेर (15 रन), आशीष (12 रन) और जेड (12 रन) ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके। इस प्रकार कोट टीम ने 8 रनों से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए जैद उल्ला को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जुबैर खान द्वारा प्रदान किया गया।
टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण ‘लाइव विथ नीरज’ के माध्यम से किया जा रहा है, जिसे दर्शक घर बैठे देख सकते हैं। आयोजन में फील्ड मैनेजर शाहरुख नेता के उत्कृष्ट कार्य की समिति और दर्शकों ने सराहना की। मैच के दौरान स्कोरिंग की जिम्मेदारी अभिषेक साहू और मोहम्मद आजम ने निभाई, जबकि कमेंट्री मोनू खान और जानी ने की। अंपायरिंग की भूमिका मारूफ और मोहम्मद हसन ने बखूबी निभाई।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे, जिनमें सलमान, शिवम ठाकुर, सोनू, एमडी खान, इस्तेखार, फैयाज खान, कलीम, मुजीब अहमद, शानू, शालू, शाद सलमानी, रेहान खान, मोहम्मद अयान, हुसैन मिर्जा, डॉ. फरहान, तौफीक, छोटू, रईस अहमद सहित अन्य लोग शामिल रहे। टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button