शादी के मंडप से सीधा डीएसओ ऑफिस! आगरा में हाथों में कंगन और हल्दी लगाकर गैस सिलेंडर लेने पहुंचा दूल्हा

शादी में दावत की तैयारी के लिए गैस सिलिंडर का इंतजाम करने एक दूल्हा खुद डीएसओ कार्यालय पहुंच गया। उसके हाथों में हल्दी लगी थी और कंगन पहने था।

आगरा/उत्तर प्रदेश। गैस सिलिंडर की किल्लत आम आदमी के लिए कितनी बड़ी मुसीबत बना हुआ है। इसकी बानगी शनिवार को आगरा के जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) कार्यालय में देखने को मिली। हाथों में कंगन पहने और हल्दी लगाकर एक दूल्हा अपनी शादी के लिए गैस के सिलेंडर का इंतजाम करने के लिए खुद डीएसओ कार्यालय पहुंच गया। उसके साथ उसके परिजन एवं अन्य लोग भी शामिल थे।
शाहगंज क्षेत्र का रहने वाले गौरव की शादी 20 अप्रैल की है। शनिवार को वह अपने जीजा और अन्य रिश्तेदारों के साथ जिला आपूर्ति अधिकारी कार्यालय पहुंचे थे। गौरव ने बताया कि उसकी शादी है। गैस सिलेंडर का इंतजाम करने के लिए उसे खुद आना पड़ा है। घरवाले बहुत परेशान हो रहे थे कि अगर गैस सिलेंडर नहीं मिले तो शादी में दावत कैसे होगी। गौरव के हाथों में कंगन बंधे थे, हल्दी लगे हुए बदन और पीले वस्त्रों के साथ वह पहुंचे थे। उनके एक हाथ में कटार भी लगी थी।
दूल्हे के जीजा ने बताया कि एक दिन पहले उन्होंने आवेदन किया था। उन्हें शादी के कार्ड के साथ बुलाया गया था। जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय से उन्हें अनुमति पत्र मिल गया है। जिसे दिखाकर वह गैस एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि गैस की किल्लत के चलते कालाबाजारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे लोग मौके का फायदा उठाकर 2500 हजार से 3 हजार में एक सिलिंडर बेच रहे हैं।
शादी का सीजन शुरू हो गया है। इस वजह से गैस सिलेंडरों की मारामारी हो रही है। फतेहाबाद से आए सुनील शर्मा ने बताया कि उसकी बहन की शादी है। तीन दिन पहले वह डीएसओ ऑफिस से अनुमति करवाकर ले गए थे। गैस एजेंसी वाले ने इसमें कमी निकाल दी। दोबारा से आना पड़ा है। ऐसे तमाम लोग गैस सिलेंडर की मांग को लेकर डीएसओ कार्यालय में चक्कर काट रहे हैं।
डीएसओ डॉ. आनंद कुमार सिंह ने बताया कि शादी वाले परिवार को 4 गैस के सिलेंडर दिए जा रहे हैं। इसके लिए उन्हें पहले आवेदन करना होगा। इसके बाद उन्हें अनुमति पत्र दिया जाता है। ऐसे लोगों का रिकॉर्ड रखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button