मां की डांट से नाराज किशोरी घर से भागी, रास्ते में मिले दरिदों ने मेरठ और हरिद्वार में किया गैंगरेप
यूपी के मेरठ से चौंका देने वाली खबर सामने आई है। यहां मां की डांट से नाराज होकर घर से भागी किशोरी को कुछ युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए और मेरठ-हरिद्वार में गैंगरेप किया।

मेरठ/उत्तर प्रदेश। मेरठ जिले के खरखौदा क्षेत्र से एक 17 वर्षीय किशोरी के अपहरण और गैंगरेप की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोप है कि गांव की रहने वाली किशोरी को कुछ युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए, फिर उसे हरिद्वार ले जाकर होटल में रखा और कई दिनों तक दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी उसे बेसहारा हालत में छोड़कर फरार हो गए। मामला तब खुला, जब मेरठ पुलिस ने किशोरी को हरियाणा के पानीपत से बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, किशोरी 24 अप्रैल को घर से नाराज होकर निकल गई थी। बताया गया कि मां की डांट और पिटाई से आहत होकर उसने घर छोड़ दिया था। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। आरोप है कि पहले उसे खरखौदा क्षेत्र के एक मकान में रखा गया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी उसे हरिद्वार ले गए और वहां एक होटल में ठहरकर वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता को बाद में आरोपियों ने लावारिस हालत में छोड़ दिया। इसी बीच पानीपत के हरिनगर इलाके में रहने वाले एक परिवार को किशोरी मिली, जो उसे अपने साथ घर ले गया। उधर, परिवार की ओर से 25 अप्रैल को किशोरी की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी, लेकिन शुरुआती स्तर पर पुलिस उसे तलाश नहीं कर सकी।
काफी समय तक कोई सुराग न मिलने पर किशोरी की मां ने मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस को सक्रिय किया गया। मंगलवार रात पुलिस ने पानीपत के हरिनगर इलाके से किशोरी को बरामद कर लिया। जिस परिवार के पास किशोरी रह रही थी, उन्हें भी मेरठ लाकर उससे भी पूछताछ की जा रही है। वहीं, एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि सेतुकुआ से कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले रखा है, जिनमें से तीन आरोपियों की पहचान छात्रा ने कर ली है।




