संत प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, भक्त हुए मायूस
संत प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। श्रीराधा केलिकुंज प्रबंधन ने प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा स्थगित होने की जानकारी दी है।

मथुरा/उत्तर प्रदेश। वृंदावन के सुप्रसिद्ध संत पूज्य प्रेमानंद महाराज जी के भक्तों के लिए एक मायूस करने वाली खबर है। महाराज जी की प्रतिदिन सुबह होने वाली पदयात्रा, एकांतिक वार्तालाप और एकांतिक दर्शन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। श्रीराधा केलिकुंज आश्रम की ओर से इस संबंध में एक आधिकारिक एडवाइजरी जारी की गई है। यात्रा स्थगित होने की मुख्य वजह महाराज जी के स्वास्थ्य में आई गिरावट बताई जा रही है।
रविवार को देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालु जब प्रेमानंद महाराज जी के दर्शन और उनकी पदयात्रा की एक झलक पाने के लिए वृंदावन पहुंचे तो उन्हें इस फैसले की जानकारी मिली। आश्रम की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि सभी को सूचित किया जाता है कि पूज्य महाराज श्री की आज्ञा अनुसार प्रातः सोगरी कुंड तक होने वाली पदयात्रा एक आंतरिक वार्तालाप एवं एकांत्रिक दर्शन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिए गए हैं। सूचना के बाद दर्शन की आस में आए भक्तों में मायूसी छा गई।
बता दें कि प्रेमानंद महाराज लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं और उनकी नियमित रूप से डायलिसिस होती है। डायलिसिस की इस कठिन प्रक्रिया के बाद अक्सर उनके स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है। इससे पहले भी कई बार डॉक्टर की सलाह स्वास्थ्य कारणों के चलते उनकी पदयात्रा को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था
महाराज जी की तबीयत खराब होने के कारण भक्तों को आज उनके दर्शन नहीं मिल पाए, लेकिन आश्रम के बाहर और सोशल मीडिया पर अनुयायियों ने उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना शुरू कर दी है। देश भर में मौजूद उनके लाखों भक्त लाडली जी राधा रानी से गुहार लगा रहे हैं कि महाराज जी जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ हों और एक बार फिर अपने दिव्य वचनों और दर्शनों से भक्तों को निहाल करने के लिए वृंदावन की कुंज गलियों में निकलें।



