केल्हारी में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, वन विभाग के खिलाफ घेराव कर दी आंदोलन की चेतावनी

एमसीबी/छत्तीसगढ़। मनेंद्रगढ़ ग्रामीण क्षेत्र के केल्हारी में वन विभाग के खिलाफ कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ ग्रामीण के नेतृत्व में आयोजित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने वन परिक्षेत्राधिकारी (आरएफओ) कार्यालय का घेराव कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में बढ़ते भालू हमलों पर चिंता जताते हुए प्रभावित लोगों को तत्काल उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही तेंदूपत्ता संग्राहकों का महीनों से लंबित भुगतान जल्द जारी करने और वन विभाग में कथित भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी पर रोक लगाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि ग्रामीणों और आदिवासियों के हक और सम्मान से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन तथा चक्काजाम किया जाएगा।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, महिला जिला अध्यक्ष ग्रामीण निर्मला चतुर्वेदी, ब्लॉक अध्यक्ष रामनरेश पटेल, जिला महामंत्री रफीक मेमन, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी, सांसद प्रतिनिधि ओम प्रकाश गुप्ता, आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमोल सिंह, मजदूर कांग्रेस जिला अध्यक्ष मकसूद आलम, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नीलिमा शामल, मंडल अध्यक्ष केल्हारी संदीप द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष चैनपुर अमर सिंह सहित कांग्रेस के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासन से जल्द से जल्द मांगों को पूरा करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button