राजस्थान में आरटीओ इंस्पेक्टर हो रहे हिंसक, पहले चूरू और अब जयपुर में ट्रक ड्राइवर को पीटा

जयपुर के खोराबिसल में आरटीओ इंस्पेक्टर अनिल बसवाल और गार्ड की ओर से एक ट्रक ड्राइवर से मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। ड्राइवर को कॉलर पकड़कर नीचे गिराया गया और पीटा गया। इसके बावजूद भी राजस्थान परिवहन निरीक्षक संघ के महासचिव होने के कारण शायद बसवाल पर अब तक कोई एक्शन नहीं हुआ है।
जयपुर/एजेंसी। राजस्थान में परिवहन विभाग में तैनात इंस्पेक्टरों की ओर से ट्रक चालकों से वसूली और उनके साथ की जाने वाली मारपीट के कई मामले सामने आ चुके हैं। वीडियो सामने आने के बाद विभाग की ओर से उनके खिलाफ एक्शन भी लिया जाता है लेकिन परिवहन निरीक्षकों की दादागिरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं दे रहा है। आपको याद होगा, ठीक एक महीने पहले चूरू जिले के सुजानगढ़ में एक आरटीओ इंस्पेक्टर ने अपने सिर से ट्रक ड्राइवर के चेहरे पर जोरदार हमला किया जिससे उसके नाक में से खून बहने लगा था। इसके बाद आरटीओ इंस्पेक्टर को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया। अब जयपुर शहर में एक और मामला सामने आया जिसमें आरटीओ इंस्पेक्टर ने एक ट्रक चालक के साथ बेरहमी से मारपीट की।
ताजा मामला जयपुर शहर के पास खोराबिसल इलाके का है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में आरटीओ इंस्पेक्टर अनिल बसवाल और एक गार्ड ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के दौरान ट्रक चालक की कॉलर पकड़ कर उसे नीचे गिराया जाता दिखाई दे रहा है और उसके साथ मारपीट होती भी दिखाई दे रही है। इस मामले पर आरटीओ इंस्पेक्टर अनिल बसवाल ने सफाई देते हुए कहा कि कार्रवाई के दौरान ट्रक ड्राइवर ने पत्थर से हमला किया था। ऐसे में उसे काबू में करने के लिए पकड़ा था।
राजधानी में एक आरटीओ इंस्पेक्टर और गार्ड की ओर से ट्रक चालक के साथ मारपीट करने का वीडियो सामने आने के बाद भी परिवहन विभाग ने मंगलवार सुबह तक कोई कार्रवाई नहीं की। चूंकि आरटीओ इंस्पेक्टर अनिल बसवाल नेता हैं। वह राजस्थान परिवहन निरीक्षक संघ के महासचिव हैं। अधिकारियों के नेता होने की वजह से शायद उनके खिलाफ विभाग ने कोई एक्शन नहीं लिया है।
ठीक एक महीने पहले मार्च के पहले सप्ताह में चूरू जिले के सुजानगढ़ में एक आरटीओ इंस्पेक्टर सुरेश विश्नोई की ओर से ट्रक चालक के साथ मारपीट की गई थी। इंस्पेक्टर ने अपने सिर से ड्राइवर के चेहरे पर जोरदार हमला किया जिसका वीडियो भी सामने आया था। परिवहन विभाग ने उस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरटीओ इंस्पेक्टर सुरेश विश्नोई को सस्पेंड कर दिया गया था। जयपुर के खोराबिसल में हुई ताजा घटना के मामले में आरटीओ इंस्पेक्टर अनिल बसवाल के खिलाफ कार्रवाई का इंतजार है।




