रेप फेस्टिवल’ के नाम पर कपड़े फाड़े, महिलाओं के साथ सड़कों पर हुआ रेप… नाइजीरिया में शर्मसार हुई मानवता
![]()
नाइजीरिया के डेल्टा राज्य में एक प्रजनन उत्सव के दौरान महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और सार्वजनिक रूप से बलात्कार की शर्मनाक घटना सामने आई है।
नाइजीरिया। नाइजीरिया में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां फर्टिलिटी फेस्टिवल (प्रजनन उत्सव) के दौरान महिलाओं के साथ छेड़छाड़ हुई और सार्वजनिक रूप से उनका खुलेआम बलात्कार किया गया। नाइजीरिया में हुई इस घटना से लोगों में भारी आक्रोश है। ऐसी खबरें सामने आई हैं कि यहां फर्टिलिटी उत्सव के दौरान पुरुषों के समूहों ने सड़कों पर महिलाओं का पीछा किया और उनके साथ यौन उत्पीड़न किया।
खबरों के मुताबिक, यह घटना मार्च महीने में नाइजीरिया के डेल्टा राज्य में ‘अलुए-डो’ उत्सव के दौरान हुई थी। यह उत्सव प्रजनन क्षमता से जुड़ा है और इसे ओरामुडू समुदाय मनाता है। फ्रांस24 की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्सव का माहौल तब बिगड़ गया जब सार्वजनिक जगहों पर पुरुषों ने महिलाओं का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनके कपड़े फाड़ दिए गए और जबरदस्ती उतार दिए गए, जिसके बाद सार्वजनिक रूप से उनके साथ यौन उत्पीड़न किया गया।
रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि घटना के समय वहां कई लोग मौजूद थे, जिनमें से कुछ लोग हिंसा को रोकने के बजाय चिल्ला रहे थे। इस घटना में पुरुषों का एक बड़ा समूह शामिल था और कुछ मामलों में तो इसमें कम उम्र के लड़के भी शामिल थे।
माना जा रहा है कि पीड़ितों में से कई महिलाएं पास के ही एक विश्वविद्यालय की छात्राएं हैं। खबरों के मुताबिक, इनमें से कुछ को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों में से एक छात्रा ने घटना के दौरान अपने साथ हुई आपबीती विस्तार से बताई। पीड़िता ने न्यूयॉर्क पोस्ट से बातचीत में बताया, ‘जब वह मोटरसाइकिल से उस इलाके में पहुंची, तो उसके कुछ ही देर बाद उस पर हमला हो गया। भीड़ में मौजूद लोगों की अचानक उस पर नजर पड़ी और वे चिल्लाने लगे, इसे पकड़ो, इसे पकड़ो, यह एक औरत है।’
पीड़िता ने आगे बताया, ‘वे मधुमक्खियों की तरह मुझ पर टूट पड़े। भीड़ का एक बड़ा हिस्सा मेरे कपड़े तब तक खींचता रहा, जब तक मैं पूरी तरह नग्न नहीं हो गई। वो मेरे पूरे शरीर को छू रहे थे। मैं मदद के लिए जोर-जोर से चिल्ला रही थी।’ पीड़िता ने आगे बताते हुए कहा कि आखिरकार एक राहगीर ने उसे बचाया। उस राहगीर ने बीच-बचाव किया और भीड़ से सुरक्षित बाहर निकलने में उसकी मदद की। इस घटना के दौरान उसका फोन भी छीन लिया गया था। उसने बताया कि वह अभी भी शारीरिक दर्द और मानसिक आघात से जूझ रही है। डेल्टा राज्य पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि इस मामले में कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक स्थानीय समुदाय का नेता और चार युवक शामिल हैं।




