विकास खंड परिसर की सरकारी जमीन पर कब्जों के खिलाफ सख्ती, बीडीओ ने जारी की सार्वजनिक चेतावनी

सत्येंद्र शुक्ला,फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर के विजयीपुर विकास खंड परिसर में सरकारी भूमि के अनाधिकृत उपयोग और अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। खंड विकास अधिकारी जय प्रकाश ने सार्वजनिक सूचना जारी कर परिसर में रखी गई वांछित, अवांछित तथा अज्ञात वस्तुओं के स्वामियों को तत्काल सामान हटाने के निर्देश दिए हैं।
जारी सूचना में कहा गया है कि परिसर की शासकीय भूमि का बिना अनुमति और पूर्व सूचना के अनाधिकृत रूप से उपयोग किया जा रहा है। ऐसे सभी व्यक्तियों को निर्देशित किया गया है कि वे तुरंत अपने सामान को हटाना सुनिश्चित करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में सामान नहीं हटाया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस आदेश के बाद अवैध कब्जाधारियों और बिना अनुमति सरकारी परिसर का उपयोग करने वालों में हड़कंप मच गया है। सूचना की प्रतिलिपि थाना अध्यक्ष किशनपुर, जिला सूचना अधिकारी, जिला विकास अधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी फतेहपुर को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस अभियान को गंभीरता से चलाया गया तो लंबे समय बाद विकास खंड परिसर अतिक्रमण मुक्त हो सकेगा।




