वृद्ध महिला से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, दो माह बाद पुलिस ने रायपुर से पकड़ा

धमतरी/छत्तीसगढ़। धमतरी जिले में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने दो माह बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को रायपुर से घेराबंदी कर पकड़ा गया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई धमतरी पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
यह मामला थाना कुरूद क्षेत्र का है, जहां 17 फरवरी 2026 को वृद्ध महिला के साथ गंभीर अपराध हुआ था। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए गए, मेडिकल परीक्षण कराया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था, जिससे उसकी गिरफ्तारी चुनौती बन गई थी।
कुरूद पुलिस ने आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी रायपुर में है। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी सूर्या सिसोदिया (पारधी), उम्र 26 वर्ष, निवासी झांकी, थाना अभनपुर, जिला रायपुर है। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला संबंधी अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है और ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button