दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर 5 जगह टोल, अकेले सहारनपुर में 47 किलोमीटर के लिए देना होगा 3 बार टोल टैक्स

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे शुरू हो गया है। अकेले सहारनपुर जिले में ही 47 किलोमीटर का सफर तय करने के लिए तीन बार टोल टैक्स देना होगा। अक्षरधाम से 18 किलोमीटर की दूरी पर टोल नहीं लगेगा।
नेशनल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण कर तीन प्रदेश के लोगों के सफर को सुहाना जरूर बना दिया, लेकिन इस मार्ग पर वाहन दौड़ाने वालों के लिए कड़े नियम बनाए गए हैं। इस एक्सप्रेसवे पर बाइक, ऑटो और ट्रैक्टर जैसे दोपहिया और तीन पहिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 20 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा।
दरअसल, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) का मानना है कि दिल्ली में यह एक्सप्रेसवे अक्षरधाम से शुरू होकर वेस्ट यूपी के बागपत, शामली और सहारनपुर होते हुए उत्तराखंड में देहरादून तक जाने वाले 213 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे से दिल्ली से देहरादून की दूरी तय करने में लगने वाला समय अब लगभग 6 घंटे से घटकर करीब ढाई घंटे रह जाएगा। इस कारण एक्सप्रेसवे पर वाहन तेज गति से दौड़ेंगे। कम गति के वाहन दौड़ने से हादसे हो सकते हैं, इसलिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एक्सप्रेसवे पर सीसीटीवी कैमरे, एम्बुलेंस और हेल्पलाइन जैसी आधुनिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
दिल्ली से देहरादून तक कार के लिए एक तरफ से 675, जबकि 24 घंटे में राउंड ट्रिप के 1010 रुपये देने होंगे। दिल्ली से देहरादून के बीच पांच जगह टोल देना होगा। हालांकि, अभी केवल एक ही जगह टोल वसूली हो रही है, बाकी पर जल्द ही शुरू हो जाएगी। अक्षरधाम से लोनी बार्डर तक 18 किमी का हिस्सा टोल फ्री रहेगा। पहला टोल प्लाजा बागपत और लोनी की सीमा में टेक्नोसिटी में है।
दूसरा टोल शामली जिले के बुटराडा में हैं। बाकी तीन सहारनपुर जिले की सीमा में बड़गांव के जैनपुर, छुटमलपुर के चमारीखेड़ा और बिहारीगढ़ के गणेशपुर में बनाए हैं। यानी सहारनपुर जिले में सिर्फ 47 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए तीन बार टोल चुकाना पड़ेगा। अभी एक्सप्रेसवे पर पांचों टोल प्लाजा में केवल चमारीखेड़ा में कार से 85 रुपये वसूले जा रहे हैं, टोल शुल्क के दृष्टिगत यह एक्सप्रेसवे देश के महंगे रास्तों में शुमार हो गया है।




