ट्विटर खरीद मामले में निवेशकों को गुमराह करने के दोषी पाए गए मस्क, कोर्ट ने दिया हर्जाने का आदेश

अंतर्राष्ट्रीय डेस्क। सैन फ्रांसिस्को की एक ज्यूरी ने टेस्ला के सीईओ एलन मस्क को 2022 में ट्विटर (अब एक्स) के अधिग्रहण के दौरान निवेशकों को धोखा देने और शेयर की कीमतों में हेरफेर करने का दोषी पाया है। हालांकि, कोर्ट ने उन्हें धोखाधड़ी की बड़ी ‘साजिश’ रचने के आरोपों से बरी कर दिया है। यह मामला मस्क द्वारा ट्विटर को 44 अरब डॉलर में खरीदने से पहले किए गए ट्वीट्स से जुड़ा है।
ज्यूरी ने पाया कि मस्क ने 13 मई, 2022 को किए गए अपने ट्वीट – जिसमें उन्होंने डील को ”अस्थायी रूप से होल्ड” पर बताया था – के जरिये जानबूझकर निवेशकों को गुमराह किया। इस अनिश्चितता के कारण ट्विटर के शेयर की कीमतें लगभग 40 प्रतिशत तक गिर गई थीं। ज्यूरी ने प्रभावित निवेशकों के लिए भारी हर्जाने की घोषणा की है – तीन डॉलर से आठ डॉलर प्रति शेयर प्रतिदिन का हर्जाना।
वकीलों के अनुसार यह लगभग 2.1 अरब डॉलर के स्टॉक और 50 करोड़ डॉलर के ऑप्शंस के बराबर है। सुनवाई के दौरान मस्क ने तर्क दिया कि ट्विटर प्रबंधन ने बॉट्स (फर्जी खातों) की संख्या को लेकर उनसे झूठ बोला था, जिसे उन्होंने ‘बकवास’ करार दिया।
हालांकि, वादी पक्ष के वकील मार्क मोलम्फी ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा, ”यह ज्यूरी संदेश देती है कि आप कितने भी अमीर और शक्तिशाली क्यों न हों, आपको कानून का पालन करना होगा। कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है।” मस्क की कानूनी टीम ने इस फैसले को ‘रास्ते का एक रोड़ा’ बताया है और ऊपरी अदालत में अपील करने की बात कही है। मस्क का तर्क था कि अंतत: उन्होंने मूल कीमत पर ही ट्विटर खरीदा, जिससे शेयरधारकों को लाभ हुआ।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला इंटरनेट मीडिया के दौर में कॉर्पोरेट जवाबदेही के लिए एक मिसाल बनेगा। बिजनेस लिटिगेशन वकील मोंटे मान के अनुसार, ”’कानून हमेशा से भ्रामक बयानों को रोकता रहा है, लेकिन अब स्केल और स्पीड बदल गई है। जब एक व्यक्ति के ट्वीट से अरबों डॉलर हिल जाते हैं, तो उसके परिणाम भी गंभीर होते हैं।”’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button