श्रीलंका ने 45 ईरानी नौसैनिकों के शव दूतावास को सौंपे, युद्धपोत पर हमले में मारे गए थे जवान

अंतर्राष्ट्रीय डेस्क। ईरानी युद्धपोत पर हुए हमले में मारे गए नाविकों में से 45 के शव शुक्रवार को श्रीलंका ने ईरानी दूतावास को सौंप दिए। मुख्य मजिस्ट्रेट समीरा डोडंगोडा ने 11 मार्च को गाले बंदरगाह पुलिस के अनुरोध पर करापितिया स्थित राष्ट्रीय अस्पताल के निदेशक को यह आदेश दिया था।
पिछले बुधवार को श्रीलंका ने कहा था कि उसने अमेरिकी पनडुब्बी हमले में द्वीप के दक्षिणी तट पर स्थित गाले के पास ईरानी फ्रिगेट आइरिस डेना के डूबने के बाद 84 ईरानी नौसैनिकों के शव बरामद किए। यह जहाज भारत से ईरान लौट रहा था, जहां उसने नौसैनिक बेड़े की समीक्षा अभ्यास में भाग लिया था। रक्षा मंत्रालय के सचिव संपथ थुइयाकोंथा ने बताया कि 45 शवों को मट्टाला स्थित दक्षिणी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से ईरान वापस भेजा जाएगा।




