गोरखपुर में सीएम योगी का ‘स्वैग’: काला चश्मा पहन खेली होली, गायों को लगाया गुलाल, एक भारत-श्रेष्ठ भारत का संदेश

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। महापर्व होली के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में पारंपरिक और आध्यात्मिक अंदाज में रंगों का उत्सव मनाया। हर वर्ष की तरह इस बार भी मंदिर परिसर में आयोजित होली समारोह श्रद्धा, संस्कृति और लोक परंपराओं का अनूठा संगम बना रहा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह मंदिर परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने संतों, पुजारियों और श्रद्धालुओं के साथ अबीर-गुलाल खेलकर होली की खुशियां साझा कीं। मंदिर परिसर में होली है… के जयघोष और भक्ति गीतों से गूंज उठा। पुजारियों ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। फूलों और रंगों से सजे मंदिर परिसर ने पूरे आयोजन को भव्य बना दिया।
होली उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री मंदिर की गौशाला भी पहुंचे। यहां उन्होंने गायों और बछड़ों को अबीर-गुलाल लगाकर पूजन किया। भारतीय संस्कृति में गौसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने पशु संरक्षण और संवेदनशीलता का संदेश दिया। गौशाला में मौजूद लोगों ने इसे आस्था और परंपरा का प्रतीक बताया। होली के अवसर पर आयोजित भगवान नरसिंह जी की भव्य शोभायात्रा में भी मुख्यमंत्री शामिल हुए। इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरखपुर महानगर के तत्वावधान में किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान नरसिंह का दिव्य अवतार अधर्म पर धर्म की विजय का शाश्वत संदेश देता है। उन्होंने प्रार्थना की कि प्रभु की कृपा से सभी के जीवन में साहस, संतुलन और समृद्धि बनी रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब विश्व के कई हिस्सों में अशांति और अव्यवस्था का वातावरण है, तब भारत आनंद और उत्साह के साथ अपने पर्व मना रहा है। उन्होंने ‘विकसित भारत’ और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया और कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की आत्मा है, जिसे मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button