कर्नाटक में स्वयंभू बाबा ने पैरेंट्स के सामने मासूम बच्ची के साथ गंदी हरकत, बाल आयोग के आदेश पर केस दर्ज

बेंगलुरु/एजेंसी। कर्नाटक में खुद को भगवान की तरह पेश करने वाले एक स्वयंभू संत की गंदी हरकत पर बवाल खड़ा हो गया है। यादगीर में मल्लिकार्जुन मुत्तवा नाम के एक बाबा ने सात साल की नाबालिग बच्ची को पैंरेट्स के सामने किस (चूम) लिया। बाबा की यह हरकत कैमरे में कैद होने और सवाल खड़े होने के बाद राज्य बाल सरंक्षण आयोग ने संज्ञान लिया। आयोग के संज्ञान लेने के बाद स्वयंभू बाबा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मल्लिकार्जुन मुत्तवा स्वघोषित बाबा शाहपुर की एक दरगाह से जुड़ा हुआ है।
मल्लिकार्जुन मुत्तवा के खिलाफ प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंस (Pocso) एक्ट के तहत केस किया गया है। कर्नाटक राज्य के बार संरक्षण आयोग ने उचित और कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। यादगीर जिले के पुलिस अधीक्षक के अनुसार उसे नोटिस जारी किया गया है। हम जांच जारी रखेंगे।
माता पिता ने डाला था वीडियो
पुलिस के अनुसार माता-पिता और लड़की ने अपने बयान दर्ज किए हैं। उन्हें बाबा के बच्ची को छूने में कुछ भी गलत नहीं लगा। यह सामने आया है कि उन्होंने खुद वीडियो रिकॉर्ड किया, हालांकि फुटेज में बच्ची असहज दिख रही है। वीडियो के सुर्खियों में आने और बाबा की इस हरकत पर सवाल खड़े होने के बाद चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की।
कर्नाटक राज्य बाल संरक्षण आयोग के कड़े निर्देश के बाद जिला बाल सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने आश्रम का दौरा किया। टीम ने बच्ची और उसके माता-पिता से बातचीत की। इस दौरान उनके बयान भी दर्ज किए। बच्ची के माता पिता महाराष्ट्र के सोलापुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने कहा कि बाबा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




