खुशखबरी! जम्मू और कटड़ा के बीच विशेष 20 कोच वाली वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल रन सफल

सुदेश कुमार,कटड़ा/जम्मू। जम्मू से श्रीनगर के बीच सीधे वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की दिशा में भारतीय रेलवे ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार को जम्मू और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच विशेष 20 कोच वाली वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा किया गया। यह ट्रेन सुबह 11 बजे जम्मू रेलवे स्टेशन से रवाना हुई और दोपहर 12:45 बजे कटड़ा रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित रूप से पहुंच गई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रायल का उद्देश्य तकनीकी और परिचालन संबंधी तैयारियों का परीक्षण करना था, जो पूरी तरह सफल रहा।
इस परीक्षण से यह स्पष्ट हो गया है कि जम्मू से कटड़ा सेक्शन वंदे भारत संचालन के लिए तैयार है। वहीं, इस ट्रायल के सफल होने के बाद रेलवे बोर्ड ने एक मार्च से वंदे भारत का विस्तार कर इसे जम्मू से चलाने की घोषणा भी कर दी है। रेल अधिकारी ने बताया कि ट्रायल के दौरान ट्रेन की गति, ब्रेकिंग सिस्टम, ट्रैक्शन कंट्रोल और स्टेशन संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की गई। उन्होंने कहा कि सफल परीक्षण के बाद रेलवे बोर्ड से अंतिम स्वीकृति मिलने पर इस विशेष वंदे भारत को जम्मू से श्रीनगर तक नियमित रूप से चलाया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि जम्मू रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत के संचालन के लिए प्लेटफार्म, रखरखाव और तकनीकी सुविधाओं की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस ट्रेन के शुरू होने से जम्मू शहर को सीधे कश्मीर घाटी से आधुनिक सेमी हाई-स्पीड रेल सेवा से जोड़ा जा सकेगा, जिससे पर्यटन, व्यापार और यात्री सुविधाओं को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर के कठिन मौसम को ध्यान में रखकर तैयार की गई इस वंदे भारत ट्रेन में स्नो कटर, हीटिंग सिस्टम, एंटी-स्किड ब्रेकिंग तकनीक और आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे बर्फबारी और ठंडे मौसम में भी सुरक्षित संचालन संभव होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button