दिल्ली के ब इंद्रपुरी हाल्ट में ‘मौत’ का गड्ढा
क्या अफसरों को जनकपुरी जैसे हादसे का इंतजार?

पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड के गड्ढे में गिरने से युवक की मौत की हृदयविदारक घटना से सरकारी एजेंसियां सबक सीखने का नाम नहीं ले रही हैं। जनकपुरी के बाद रोहिणी में भी एक शख्स की मेनहोल में गिरकर मौत हो गई। अब शायद इंद्रपुरी में भी ऐसा हादसा हो, इसका इंतजार किया जा रहा है। इंद्रपुरी हॉल्ट पर रेलवे की निर्माणाधीन साइट पर सुरक्षा की अनदेखी देखकर ऐसा ही कुछ लग रहा है।
इंद्रपुरी हॉल्ट इंद्रपुरी कॉलोनी व नारायणा विहार के बीच रेलवे लाइन पर स्थित है। यहां पहले पैदल यात्रियों व दो पहिया वाहनों के लिए ओवरब्रिज हुआ करता था, जिसकी स्थिति पिछले कुछ वर्षों से काफी बदतर हो चुकी थी। लोगों की मांग व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यहां पुराने ओवरब्रिज को तोड़कर नया ओवरब्रिज बनाना शुरू किया। फिलहाल यहां पीलर डालने का काम चल रहा है, जिसके लिए खोदाई की गई और वहां सरिए डाले जा रहे हैं।
गड्ढों के सामने अनमने ढंग से कुछ बैरिकेट रख दिए गए हैं, जिनका होना या न होना कोई मायने नहीं रखता। समस्या यह है कि यहां बड़ी संख्या में सुबह शाम लोग आते जाते हैं। कई लोग यहां मोटरसाइकिल भी खड़ी करने आते हैं। गड्ढा की खोदाई के बाद वहां से निकली मिट्टी वहीं पड़ी है, जिससे एक टीला जैसा बन गया है। स्थानीय लोग शॉटकट के चक्कर में निर्माणाधीन साइट पर मौजूद तमाम खतरों की अनदेखी करते हुए यहां से गुजरते हैं। यहां भी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। लेकिन किसी को इससे कोई फर्क पड़ता नहीं दिखाई दे रहा है। यहां तक कि निर्माणााधीन साइट पर काम कर रहे कामगारों को भी अपनी सुरक्षा की फिक्र नहीं सता रही। वे न तो हेलमेट या कोई सुरक्षा सामान अपने पास नहीं रखे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे खतरों से वाकिफ हैं, लेकिन क्या किया जाए। यदि रेलवे को शिकायत करें तो शायद गुस्से में आकर वह पूरा रास्ता ही बंद न कर दे। यदि ऐसा होगा तो नारायणा व इंद्रपुरी के बीच की दूरी काफी बढ़ जाएगी।
हमलोग ऐसा नहीं चाहते। लेकिन हां, कम से कम जहां काम चल रहा है, उस जगह को रेलवे यदि चाहे तो बैरिकेट से अच्छी तरह घेर सकता है, जिससे खतरा नहीं रहेगा। रेलवे के एक्स हैंडल पर फोटो सहित इस बारे में पोस्ट करते पर प्रतिक्रिया आई कि इस बारे में संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया है। वहीं, फोटो साझा करने पर रेलवे प्रवक्ता का कहना है कि इस बारे में पूरी जानकारी लेकर ही वे शुक्रवार को कुछ बता पाने की स्थिति में होंगे।




