‘बलोच विद्रोहियों के पास एडवांस्ड हथियार, PAK सेना टक्कर नहीं ले सकती’; रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का कबूलनामा

इस्लामाबाद/एजेंसी। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कबूला है कि पाकिस्तानी फौजियों के पास हथियारों की कमी है। उन्होंने कहा कि बलूच विद्रोहियों के पास ऐसे अमेरिकी हथियार हैं जो पाकिस्तानी सेना के पास भी नहीं है। उन्होंने कहा कि ये विद्रोही बलूचिस्तान में हमले कर रहे हैं और अफगानिस्तान से समर्थन पा रहे हैं।
पाक रक्षा मंत्री ने पाकिस्तानी संसद में कहा कि विद्रोहियों के पास महंगी राइफलें और नाइट विजन डिवाइस हैं। एक राइफल की कीमत 20 लाख रुपये तक है, जबकि थर्मल वेपन साइट्स चार से पांच हजार डॉलर की हैं। कुल मिलाकर उनके सैन्य उपकरणों की कीमत बीस हजार डॉलर के करीब है।
आसिफ ने माना कि पाकिस्तानी सुरक्षा बल बलूच विद्रोहियों के आगे पस्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बलूचिस्तान बहुत बड़ा इलाका है और विद्रोहियों की तकनीक काफी एडवांस है। उन्होंने दावा किया कि ये राइफलें और नाइट विजन डिवाइस अमेरिकी हथियार हैं। ख्वाजा आसिफ ने कहा, “विद्रोहियों का नेतृत्व अफगानिस्तान में है और वहां से उन्हें मदद मिल रही है। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के नेतृत्व में ये विद्रोही मुख्य रूप से पाकिस्तानी पंजाबियों को निशाना बना रहे हैं। पाकिस्तान बीएलए के खिलाफ पूरी ताकत से कार्रवाई करेगा।”
पाकिस्तान बलूच अलगाववादी विद्रोह से दशकों से जूझ रहा है। यह प्रांत अफगानिस्तान और ईरान से सटा हुआ है और खनिजों से भरा है। यहां सुरक्षा बलों, विदेशियों और गैर-स्थानीय पाकिस्तानियों पर अक्सर हमले होते हैं।
बीएलए को अमेरिका ने आतंकवादी संगठन घोषित किया है। इस संगठन ने हाल के वर्षों में अन्य प्रांतों से आए पाकिस्तानियों और विदेशी ऊर्जा कंपनियों पर हमले तेज कर दिए हैं। पिछले साल इसी संगठन 450 यात्रियों से भरी ट्रेन पर हमला किया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button