सड़क हादसे में यूपी के चार पुलिसकर्मी सहित पांच की मौत, ट्रैक्टर से टकराई स्कॉर्पियो,अपहरण के केस में जा रहे थे जींद

हादसे का शिकार हुई स्कॉर्पियो से लगभग डेढ़ लाख रुपये और दो पिस्टल मिली हैं, जिन्हें तावड़ू सदर थाना पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारी भी बाद में मौके पर पहुंचे।

तावडू/हरियाणा। हरियाणा के तावड़ू स्थित कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस के चार जवानों समेत पांच लोगों की जान चली गई। तावडू सदर थाना क्षेत्र में धुलावट टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर पहले पुलिसकर्मियों की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे खड़े डंपर से जा टकराई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए नूंह भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के उरई कोतवाली पुलिस की टीम अपहरण के मामले की जांच के सिलसिले में जींद की ओर जा रही थी। स्कॉर्पियो में चालक समेत चार पुलिसकर्मी सवार थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क किनारे डंपर खड़ा कर चालक पास के खोखे पर चला गया था। तभी पीछे से तेज गति में आ रही स्कॉर्पियो उससे टकरा गई।
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से वाहन समेत भाग गया। सूचना मिलते ही धुलावट ट्रैफिक थाना पुलिस, तावडू सदर थाना पुलिस और तावडू के डीएसपी अभिमन्यु लोहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो में शव बुरी तरह फंसे हुए थे, जिन्हें करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। हादसे का शिकार हुई स्कॉर्पियो से लगभग डेढ़ लाख रुपये और दो पिस्टल मिली हैं, जिन्हें तावड़ू सदर थाना पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारी भी बाद में मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और सड़क पर खड़े वाहन को माना जा रहा है।
मृतकों की पहचान इंस्पेक्टर मोहित कुमार यादव (32) निवासी आदमपुर थाना सौरिख, सब-इंस्पेक्टर सत्यभान (59) निवासी अलीपुर जटिमाला जिला कासगंज, सिपाही अशोक कुमार (28) निवासी बबेरू जिला बांदा, सिपाही प्रदीप कुमार (30) निवासी रायबरेली और चालक अमरीक सिंह निवासी जींद के रूप में हुई है। ये सभी उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में तैनात थे।
कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे ने एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद एक्सप्रेसवे के किनारे बने अवैध ढाबे, होटल और अन्य निर्माण पूरी तरह नहीं हटाए जा सके हैं, जो लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। मंगलवार को धुलावट टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर आगे हुए दर्दनाक हादसे में उत्तर प्रदेश के चार पुलिसकर्मियों सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि पुलिस अभी तक हादसे के सटीक कारणों की पुष्टि नहीं कर पाई है, लेकिन स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक्सप्रेसवे किनारे बने अवैध ढाबे की वजह से ही हादसा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, एक ढाबे के पास पहले से एक वाहन खड़ा था, जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों की स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में आकर टकरा गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां से उस वाहन को हटा दिया गया, जिससे जांच और जटिल हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि एक्सप्रेसवे किनारे अवैध ढाबे और पार्किंग न होती तो कोई वाहन वहां नहीं रुकता और यह हादसा टल सकता था।
इस मामले में एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है। एक्सप्रेसवे पर स्थित टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे थे, जिसके चलते फरार वाहन की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। तावडू पुलिस का कहना है कि इस संबंध में मानेसर और गुरुग्राम पुलिस से भी संपर्क किया जाएगा, क्योंकि एक्सप्रेस-वे इन क्षेत्रों से भी होकर गुजरता है।
गौरतलब है कि तावडू क्षेत्र से गुजरने वाले केएमपी और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। सड़क सुरक्षा एजेंसी एचएसआईआईडीसी के अधिकारी प्रवीण बैनीवाल का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार अवैध ढांचों को हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है और यह प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने निजी भूमि में ढाबे या दुकान बनाई हुई हैं जो उनके दायरे क्षेत्र में नहीं आती। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह हादसा किसी ढाबे पर रुकने के कारण नहीं हुआ है। साथ ही, टोल प्लाजा पर सीसीटीवी बंद होने की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और इसे दुरुस्त करने की प्रक्रिया चल रही है। कुल मिलाकर, इस बड़े हादसे ने एक्सप्रेस-वे की कई गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button