एक्सप्रेसवे पर कार से स्टंट करना पड़ा महंगा, वीडियो वायरल होने के बाद 6 गिरफ्तार, स्कॉर्पियो भी जब्त

गुरुग्राम। सोशल मीडिया पर वायरल हुए सड़क पर स्टंटबाजी करने के वीडियो के आधार पर गुरुग्राम पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 6 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार भी बरामद की है। यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो थाना खेड़की दौला क्षेत्र के सेक्टर-85 रोड का है, जिसमें कुछ युवक चलती कार की छत पर चढ़कर खतरनाक स्टंट और हुड़दंग करते दिखाई दे रहे थे।
पुलिस ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इससे न केवल युवकों की जान खतरे में थी, बल्कि अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की की भी जान पर बन आई थी। वीडियो सामने आने के बाद बीती 12 जनवरी को संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
मामले में कार्रवाई करते हुए खेड़की दौला थाना पुलिस ने 6 आरोपियों को काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों में जिला भिवानी के गांव अलखपुरा निवासी शौकीन, मनीष, लोकेश, सुभाष, विकाश तथा हिसार निवासी सलीम शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली के वजीरपुर से पार्टी कर लौट रहे थे और इसी दौरान एक्सप्रेस-वे पर स्टंटबाजी की।




