दुष्कर्म का आरोपी बुरका पहने और लिपिस्टिक लगाकर भेष बदले वृंदावन से हुआ गिरफ्तार

धौलपुर/राजस्थान। धौलपुर जिले की कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर आरोप है और वारदात के बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी राजेंद्र सिंह सिसोदिया खुद को बचाने के लिए महिला का बुरका पहनकर और होठों पर लिपस्टिक लगाकर उत्तर प्रदेश के वृंदावन में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोतवाली थाने से लेकर कोर्ट तक जुलूस निकाला है।
मामला 15 दिसंबर का है। आरोपी ने नाबालिग लड़की को नौकरी दिलाने का झांसा देकर फोन किया और अपने घर बुलाया। लड़की अपने छोटे भाई के साथ वहां पहुंची। आरोपी ने दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने के बहाने भाई को बाहर भेज दिया और अकेला पाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह लड़की खुद को बचाकर बाहर निकली और शोर मचाया, जिससे कॉलोनी के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
घटना के बाद इलाके में जमकर हंगामा हुआ। बताया जा रहा है कि आरोपी को बचाने के लिए उसके परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन गुस्साई भीड़ ने उनके साथ मारपीट कर दी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। इसी दौरान आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया। एसपी विकास सांगवान ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। आधा दर्जन से अधिक टीमों को लगाया गया और करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसी दौरान कोतवाली के हेड कॉन्स्टेबल मनोज कुमार को सूचना मिली कि आरोपी वृंदावन में छिपा है। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया, जहां वह बुरका पहनकर और महिला के वेश में छिपा हुआ था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले आरएसी में तैनात था, लेकिन सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। फिलहाल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।





