छिंदवाड़ा में लिव इन रिलेशन से अलग होने पर भड़का बुजुर्ग, दोनों बहनों पर कटर से किया हमला

छिंदवाड़ा/मध्य प्रदेश। चांदामेटा-उमरिया लाइन क्षेत्र में एक बुजुर्ग ने दो बहनों पर कटर से हमला कर सनसनी फैला दी है। लिव-इन रिलेशन छोड़ने से नाराज 62 वर्षीय अरुण यादव ने दोनों महिलाओं पर अचानक पीछे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों बहनों का परासिया अस्पताल में इलाज किया गया।
घटना शाम करीब 5:30 बजे की है। पूजा अहिरवार अपनी बहन पिंकी कवरेती के घर आई थीं। दोनों घर के काम निपटाकर बैठी ही थीं कि पीछे से अचानक अरुण यादव आया। पूजा अहिरवार के अनुसार, उसने बिना कुछ बोले कटर से वार करना शुरू कर दिया। इस हमले में पूजा के गाल और गले पर चोटें आईं, जबकि पिंकी के गले, पेट और गाल पर गंभीर घाव हुए। दोनों को तुरंत परासिया अस्पताल ले जाया गया।
पूजा ने बताया कि उसकी बहन पिंकी करीब डेढ़ साल से अरुण यादव के साथ लिव-इन में रह रही थी। कुछ समय पहले उसने अरुण से अलग रहने का फैसला कर लिया था। इसी बात से नाराज बुजुर्ग ने हमला किया। हमले के बाद पुलिस आरोपी अरुण यादव को अस्पताल लेकर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बेहोशी (अनकांशियस) की हालत में मिला। जांच के दौरान दोनों घायल महिलाएं भी अस्पताल में मौजूद थीं।
चांदामेटा पुलिस ने बताया कि महिलाओं की शिकायत दर्ज कर ली गई है और आरोपी से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। हमले का कारण लिव-इन संबंध से जुड़ा विवाद माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों बहनों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button