राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन से कूदकर 10वीं के छात्र ने दी जान
सुसाइड नोट के आधार पर प्रिंसिपल समेत चार पर केस दर्ज

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन के प्लेटफाॅर्म से छलांग लगाकर दसवीं के छात्र द्वारा आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। बुधवार को पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है। वहीं छात्र के पिता ने स्कूल की प्रधानाचार्य, समन्वयक और दो शिक्षिकाओं पर उनके बेटे को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल राजा गार्डन मेट्रो पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पिता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह परिवार के साथ राजेंद्र नगर में रहते हैं। परिवार में पत्नी व एक बेटा है और उनका करोल बाग में आभूषण का व्यापार है। उनका बेटा एक नामी स्कूल में कक्षा दसवीं का छात्र था। बेटा अक्सर अपनी मां व उनसे स्कूल प्रशासन के बारे में शिकायत करता था। वह बताता था कि प्रधानाचार्य, समन्वयक, एसएसटी विषय की शिक्षिका और एक अन्य शिक्षिका उसे छोटी-छोटी बात पर डांटती थी, उसे हर वक्त प्रताड़ित करती थी। बेटे की शिकायत पर उन्होंने कई बार प्रधानाचार्य व शिक्षिका से संपर्क किया। इसके बाद भी वे बेटे को मानसिक रूप से परेशान करती रहीं।
मंगलवार को वह अपनी माता के ऑपरेशन के लिए कोल्हापुर गए थे और उनका बेटा रोजाना की तरह सुबह स्कूल गया था। दोपहर करीब पौने तीन बजे किसी ने उन्हें काल करके बताया कि उनका बेटा राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन से नीचे गिर गया है। उसे बीएल कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद उन्होंने अन्य स्वजन को इसकी जानकारी दी और उन्हें अस्पताल जाने को कहा। बाद में उन्हें पता चला कि उनके बेटे की मौत हो गई है।
मृतक छात्र के दोस्तों ने उसके पिता को बताया कि चार दिन पहले एक शिक्षिका ने उसे धमकाते हुए माता-पिता को बुलाने और टीसी देने की बात कही थी। वहीं एक टीचर ने छात्र को धक्का भी मारा था। मंगलवार को ड्रामा क्लास में छात्र के गिरने पर सबके सामने उसे अपमानित किया और कहा कि तू ओवर एक्टिंग और ड्रामा कर रहा है। शिक्षिका ने उसे इतना डांटा कि वह रोने लगा। इस दौरान प्रधानाचार्य भी मौजूद थीं, लेकिन उन्होंने भी कुछ नहीं बोला। परिवार का आरोप है कि इन शिक्षिकाओं ने उनके बेटे को मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया कि उसने तंग आकर आत्महत्या कर ली।
छात्र ने नोट में मां से माफी मांगी
अपनी मां के नाम संदेश में छात्र ने लिखा था- ‘मैं जानता हूं कि मैंने आजतक आपको कभी खुशी नहीं दी। बहुत से गलत काम किए और आपका दिख दुखाया। आपका भरोसा तोड़ा और दूसरे के सामने आपकी बेइज्जती करवाई। इन सब चीजों के लिए मुझे माफ कर सको तो कर देना। हां अपना वादा नहीं निभा पाया, हां आपको बड़ा नहीं बना सका, बल्कि आपका नाम खराब कर दिया। इतनी गलती की हैं मैंने, आज एक और गलती करने जा रहा हूं। इस गलती के लिए भी माफी मांगता हूं। मगर एक बात याद रखना मम्मी हम फिर मिलेंगे। इस जन्म में बड़े नहीं बन सके तो क्या हुआ अगले जन्म में बनेंगे। मेरे डैडी और मेरी बहन का ध्यान रखना।’





