किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर अनोखी शादी, नागपुर के कपल ने उन्हें साक्षी मानकर लिए सात फेरे

खंडवा/मध्य प्रदेश। इंदौर रोड स्थित पार्श्व गायक किशोर कुमार की समाधि इस बार 39वीं पुण्यतिथि पर एक अनोखी घटना की साक्षी बनी। यहां आमतौर पर प्रशंसक अपने प्रिय गायक को पुष्पांजलि अर्पित करने और उनके गीतों को गुनगुनाने पहुंचते हैं। वहीं, इस बार नागपुर के एक प्रेमी जोड़े ने किशोर दा को साक्षी मानकर विवाह के पवित्र बंधन में बंधने का निर्णय लिया। नागपुर निवासी व्यवसायी मनीष बोयर और उनकी प्रेमिका अश्विनी शेखापुरे ने सोमवार को समाधि स्थल पर पहुंचकर एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और अपने नए दांपत्य जीवन की शुरुआत की। इस विवाह की सबसे खास बात यह रही कि पारंपरिक अग्नि फेरे की जगह दोनों ने किशोर कुमार की समाधि के फेरे लिए।
मनीष बोयर ने बताया कि वह किशोर कुमार का जबरदस्त प्रशंसक है और दूसरी बार खंडवा आए हैं। उन्होंने कहा कि मैं जब पिछले साल 4 अगस्त को किशोर दा के जन्मदिन पर यहां आया था, तभी तय कर लिया था कि अपनी शादी की रस्म इन्हीं की समाधि पर पूरी करूंगा। विवाह बंधन में बंधने के बाद युवती अश्विनी ने मुस्कराते हुए कहा कि मेरे भाई अविनाश शेखापुरे खुद किशोर दा के बहुत बड़े फैन हैं। उन्होंने भी इस निर्णय में हमारा साथ दिया। भैया और भाभी की मौजूदगी में यह शादी करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है।
समाधि स्थल पर उपस्थित लोगों ने बताया कि जब जोड़े ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई, तब बैकग्राउंड में ‘पल पल दिल के पास तुम रहती हो’ और ‘मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू’ जैसे गीतों की धुनें गूंज उठीं। देशभर से आए किशोर प्रेमी स्वतः ही बाराती बन गए और सभी ने किशोर कुमार के गीत गुनगुनाते हुए इस अनोखे विवाह का आनंद लिया।
इसी बीच, खंडवा नगर निगम ने भी किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर समाधि स्थल को दुल्हन की तरह सजाया था। प्रवेश द्वार से लेकर समाधि तक फूलों और लाइटों की सजावट ने स्थल को भव्य रूप दे दिया था। किशोर कुमार को उनके प्रिय दूध-जलेबी का भोग लगाया गया, जो हर साल की तरह इस बार भी आकर्षण का केंद्र रहा। सुबह से ही गुजरात, झारखंड, कोलकाता, बिहार, मुंबई, उज्जैन, इंदौर सहित देश के कई हिस्सों से आए प्रशंसक किशोर दा की समाधि पर पहुंचे और उन्हें स्वरांजलि अर्पित की। अनेक लोगों ने उनके अमर गीतों को गुनगुनाकर अपनी श्रद्धांजलि दी।




