ब्यूटी पार्लर में निकला दुर्लभ और बेहद कीमती सांप, बाजार में कीमत 25 करोड़ तक

सीधी/मध्य प्रदेश। जिले से एक चौंकाने वाली लेकिन दिलचस्प खबर सामने आई है। एक ब्यूटी पार्लर में दुर्लभ और बेहद कीमती सांप निकला। जिसके बाद से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बड़ी सतर्कता से उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया और मुकुंदपुर जू में संरक्षित कर दिया। दरअसल, ब्यूटी पार्लर में फर्श के कोने में नीले ड्रम के पास एक मोटा, भूरा और चमकदार सांप छिप कर बैठा था। पहले तो लोगों में डर का माहौल छा गया, लेकिन किसी ने समझदारी दिखाते हुए तत्काल वन विभाग के रेस्क्यू टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने बड़ी सावधानी से सांप को पकड़ा। जांच में पता चला कि यह कोई साधारण सांप नहीं बल्कि ‘रेड सैंड बोआ’ नामक दुर्लभ और संरक्षित प्रजाति का सांप है।
रेड सैंड बोआ दो मुंहा सांप के नाम से मशहूर है। वास्तव में यह एक विषहीन और शांत सांप है, जो खेतों में चूहों की संख्या कम कर पर्यावरण संतुलन में बड़ी भूमिका निभाता है। वन विभाग के अनुसार, इस सांप की बाजार में अवैध रूप से कीमत 3 करोड़ से लेकर 25 करोड़ रुपये तक बताई जाती है, हालांकि यह तस्करी मूल्य है। कानूनी रूप से ऐसे किसी भी व्यापार पर सख्त प्रतिबंध है।
रेड सैंड बोआ को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-IV में शामिल किया गया है। यानी कि इस प्रजाति को पकड़ना, बेचना या मारना कानूनी अपराध है। ब्यूटी पार्लर में पकड़े गए सांप का वजन 7 किलो से अधिक है। जिसकी लंबाई 3 से 4 फिट है। रंग तांबई-लाल या भूरे रंग का चमकदार है। रेड सैंड बोआ जैसे दुर्लभ जीव हमारी जैव विविधता का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। यह न सिर्फ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं बल्कि हमें यह भी याद दिलाते हैं कि हर जीव का इस धरती पर एक अहम रोल है।
रेड सैंड बोआ के तस्कर इसे पकड़कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेचने की कोशिश करते हैं, दरअसल कुछ देशों में इस सांप को “लकी स्नेक” या “गुड लक चार्म” माना जाता है, अंधविश्वास के चलते लोग मानते हैं कि इस सांप से धन-समृद्धि आती है या यह औषधीय गुणों वाला जीव है। सीधी में पिछले 6 महीनें में यह तीसरा मामला है, जब रेड सैंड बोआ सांप रेस्क्यू टीम के हाथ लगा है। वन विभाग अब यह जांच कर रहा है कि क्या यह कोई स्थानीय प्रजनन का परिणाम है या किसी तस्करी नेटवर्क की गतिविधि।




