रेप केस में हरियाणवी फिल्म अभिनेता उत्तर कुमार को मिली जमानत, जेल से रिहा

गाजियाबाद/उत्तर प्रदेश। हरियाणवी फिल्म अभिनेता उत्तर कुमार जमानत मिलने के बाद मंगलवार को डासना जेल से रिहा हो गए। गुरुवार को जमानत मिलने के बाद जमानतियों का सत्यापन नहीं होने से उनकी रिहाई टल रही थी। बचाव पक्ष के अधिवक्ता विपिन त्यागी ने बताया कि शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने जून 2025 में हरियाणवी फिल्म अभिनेता एवं निदेशक उत्तर कुमार के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर उत्तर कुमार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। गुरुवार को एससी/एसटी एक्ट अदालत ने उनकी जमानत स्वीकार कर ली थी। अदालत ने जमानत के एवज में उन्हें दो लाख रुपए का व्यक्तिगत बंद पत्र और इतनी ही रकम के दो जमानती भी पेश करने के आदेश दिए थे।
शुक्रवार को उत्तर कुमार के अधिवक्ता की ओर से अदालत में दो लाख रुपए का बंद पत्र और इतनी ही रकम के दो जमानती पेश किए थे। अदालत ने जमानतियों का सत्यापन कराए जाने के लिए आदेश दिए थे। शुक्रवार को दोनों जमानतियों का सत्यापन नहीं हो सका । शनिवार और रविवार की छुट्टी होने की वजह से सत्यापान का काम अटक गया। उसके बाद सोमवार को जमानतियों का सत्यापन होने के बाद अदालत से रिहाई का परवाना डासना जेल पहुंचा। जिसके बाद मंगलवार को उन्हे डासना जेल से जमानत पर रिहा कर दिया गया। रिहाई के दौरान बड़ी संख्या में उनके प्रशंसक उन्हें डासना जेल से लेने पहुंचे थे।
इससे पहले पुलिस उपायुक्त निमिष पाटिल ने बताया था कि 25 साल एक महिला गायिका ने 18 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कुमार ने एक जनवरी 2020 से 31 जुलाई 2023 तक शादी करने और फिल्म में काम दिलाने के बहाने उसका यौन शोषण किया। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर हरियाणवी अभिनेता के खिलाफ बलात्कार, आपराधिक धमकी के आरोपों और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। कुमार के खिलाफ दर्ज मुकदमे के मुताबिक कुमार ने कथित तौर पर पीड़िता को गाजियाबाद स्थित अपने कार्यालय और अमरोहा जिले के फार्महाउस पर बुलाया और उस पर शराब पीने और फिल्म निर्माताओं से मिलने का दबाव डाला।




