दिल्ली पुलिस की पीसीआर वैन ने चाय विक्रेता को कुचला, ब्रेक की जगह दबाया एक्सीलेटर, 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली के थाना मंदिर मार्ग इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां दिल्ली पुलिस की पीसीआर वैन ने एक व्यक्ति को कुचल दिया। हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, पीसीआर वैन के ड्राइवर ने अचानक गाड़ी रोकने के लिए गलती से ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे वैन सड़क किनारे रैंप पर चढ़ गई और दुकान में सो रहे चाय विक्रेता को रौंद दिया। मामले में दोनों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर सस्पेंड कर दिया गया है।
हादसे को लेकर मीडिया से बातचीत में नई दिल्ली के एडिशनल डीसीपी हुकमा राम ने कहा, “यहां एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना हुई है। पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई कर रही है। हम मृतक को हर संभव मदद और मुआवजा देंगे। हम सीसीटीवी की जांच करेंगे और आगे की जांच जारी है।” डीसीपी ने बताया कि मृतक की पहचान 55 वर्षीय चाय विक्रेता गंगाराम के रूप में हुई है, वह सुबह करीब 5 बजे अपनी चाय की दुकान पर सो रहा था, जब यह घटना हुई।
डीसीपी ने बताया कि उसका बेटा उसके साथ दिल्ली में रहता है, जबकि उसकी पत्नी उत्तर प्रदेश के गोंडा में रहती है। अधिकारी ने कहा कि पीसीआर वैन में मौजूद दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी मेडिकल जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button