नशे में धुत होकर दौड़ाई कार, एक महिला की हुई मौत

गाजियाबाद ब्यूरो। साहिबाबाद थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर इलाके में शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार काल बनकर सड़क पर दौड़ी। इस दौरान काम करके लौट रही घरेलू सहायिका नवीन पार्क निवासी सीता (41) कार की चपेट में आ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। परिजन अस्पताल ले कर गए लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार चालक भोपुरा के न्यू डिफेंस कॉलोनी निवासी अरुण को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार को भी कब्जे में ले ली है।
नवीन पार्क निवासी सीता घरेलू सहायिका का काम करती हैं। शुक्रवार देर रात वह काम से घर लौट रही थीं। राजेंद्र नगर सेक्टर पांच में अग्रसेन पार्क के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही महिला काफी ऊंचाई तक पहले हवा में उछली और उसके बाद जमीन पर आकर गिरी। हादसे की सूचना पर परिवार वाले पहुंचे और तुरंत अस्पताल लेकर गए लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। इधर कार चालक टक्कर लगने के बाद गाड़ी लेकर भाग निकला लेकिन वह इतने नशे में था कि कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। इसी बीच स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और मेडिकल परीक्षण कराया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिवार वालों को सौंप दिया।
हादसा होने के बाद शनिवार को पूरे क्षेत्र में कई तरह की अफवाहें उड़ती रहीं। हादसा चर्चा का विषय तब बना जब क्षेत्र में यह बात फैली कि कार चालक ने केवल एक महिला को ही नहीं बल्कि कई लोगों को टक्कर मारी थी। इनमें युवती, बुजुर्ग और बच्चा भी बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने इस बात से साफ इन्कार करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के चोटिल या घायल होने की कोई न तो जानकारी है और न ही सूचना पुलिस को मिली। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि कार चालक ने कुछ गाड़ियों को भी टक्कर मारी।
एसीपी श्वेता यादव ने बताया कि कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के चोटिल या घायल होने की कोई सूचना नहीं है। किसी की तरफ से अगर कोई शिकायत आती है तो पुलिस उस पर जरूर कार्रवाई करेगी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और गाड़ी भी जब्त कर ली गई है।





