नगालैंड के राज्यपाल ला गणेशन का निधन, पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम स्टालिन ने जताया शोक

कोहिमा/एजेंसी। नगालैंड के राज्यपाल ला गणेशन का शुक्रवार को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। राजभवन के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। वह 80 वर्ष के थे। कोहिमा राजभवन के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने बताया कि गणेशन का पिछले कुछ दिनों से अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा था। सूत्रों ने बताया कि आठ अगस्त को गणेशन चेन्नई स्थित अपने घर में गिर गये थे और उनके सिर में चोट आई थी।
जानकारी के अनुसार तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गहन निगरानी और इलाज के लिए उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कर लिया। गणेशन को 12 फरवरी, 2023 को नगालैंड का 21वां राज्यपाल नियुक्त किया गया था और उन्होंने उसी वर्ष 20 फरवरी को पदभार ग्रहण किया था। ला गणेशन के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक व्यक्त किया है। तमिलनाडु के सीएम एम के स्टालिन ने गणेशन के निधन पर दुख व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागालैंड के राज्यपाल ला गणेशन को समर्पित राष्ट्रवादी बताया है। एक्स पर उन्होंने अपने शोक संदेश में लिखा है कि नागालैंड के राज्यपाल थिरु ला गणेशन जी के निधन से दुःख हुआ। उन्हें एक समर्पित राष्ट्रवादी के रूप में याद किया जाएगा। जिन्होंने अपना जीवन सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने तमिलनाडु में भाजपा का विस्तार करने के लिए कड़ी मेहनत की। तमिल संस्कृति के प्रति भी उनका गहरा लगाव था। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं।




