खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की पार्टी लड़ेगी तरनतारन उपचुनाव

मानवाधिकार कार्यकर्ता स्वर्गीय जसवंत सिंह खालड़ा की पत्नी परमजीत कौर खालड़ा को पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनाने की कोशिश

चंडीगढ़/एजेंसी। असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह का राजनीतिक संगठन अकाली दल ( वारिस पंजाब दे )आगामी तरनतारन विधानसभा उपचुनाव लड़ेगी। अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने ये जानकारी दी। बता दें की अकाली दल (वारिस पंजाब दे) का संचालन अमृतपाल के पिता तरसेम सिंह कर रहे हैं। तरसेम सिंह ने यह भी जानकारी दी कि वे मानवाधिकार कार्यकर्ता स्वर्गीय जसवंत सिंह खालड़ा की पत्नी परमजीत कौर खालड़ा को पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। तरसेम सिंह ने कहा कि हम परमजीत कौर खालड़ा के संपर्क में हैं। हालांकि अंतिम निर्णय अभी नहीं लिया गया है।
गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह ने 2024 लोकसभा चुनाव में खडूर साहिब लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था और AAP, कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा जैसे दिग्गज दलों के प्रत्याशियों को पछाड़ते हुए 4.04 लाख से अधिक वोटों के साथ शानदार जीत दर्ज की थी। तरनतारन विधानसभा सीट, खडूर साहिब संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली 9 विधानसभा सीटों में से एक है। इस क्षेत्र में अमृतपाल सिंह को मिली व्यापक जनसमर्थन से उत्साहित होकर अब संगठन ने विधानसभा उपचुनाव में भी उतरने का फैसला लिया है।
तरसेम सिंह ने कहा कि संगठन केवल पंथक मुद्दों को ही नहीं उठा रहा, बल्कि आम आदमी पार्टी की शासन में विफलताओं को भी उजागर कर रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार जनता से किए वादों को निभाने में पूरी तरह विफल रही है। यही वजह है कि लोगों में व्यापक असंतोष है और वे बदलाव की ओर देख रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button