यूपी पुलिस का सिपाही इमरान निकला नकली नोट गैंग का मास्टर माइंड
मेरठ स्वाट टीम ने किया खुलासा

मेरठ/उत्तर प्रदेश। मेरठ से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गाजियाबाद पुलिस में तैनात सिपाही इमरान के ठग गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। यह मामला तब सामने आया जब मेरठ की स्वाट टीम और मवाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर फर्जी नोटों की गड्डियां बनाकर लोगों से ठगी करने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस गैंग का सरगना कोई और नहीं बल्कि खुद पुलिस विभाग का सिपाही निकला।
गिरफ्तार सिपाही इमरान गाजियाबाद के भोजपुर थाने में तैनात है। आरोप है कि वह करीब 8-10 बदमाशों के साथ मिलकर फर्जी नोटों की गड्डियां दिखाकर लोगों को निवेश के नाम पर फंसा कर ठगी करता था। इस गिरोह ने कई लोगों को नकली नोटों के लालच में फंसाया और लाखों रुपये की वसूली की। पुलिस के अनुसार, इमरान और उसके साथियों की ठगी का तरीका बेहद शातिराना था। पहले वे लोगों को असली लगने वाली नकली नोटों की गड्डियां दिखाते थे और फिर मोटे मुनाफे का झांसा देकर उनसे रकम ठग लेते थे। जब पीड़ित को सच्चाई का एहसास होता, तब तक गिरोह फरार हो चुका होता।
पुलिस ने इस कार्रवाई में इमरान समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से बड़ी मात्रा में नकली नोटों की गड्डियां, असलहा और कई वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है।
स्वाट टीम और मवाना पुलिस की यह कार्रवाई बेहद सराहनीय रही, जिसने एक पुलिसकर्मी के भेष में छिपे अपराधी को बेनकाब किया। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही इस गिरोह से जुड़ी अन्य परतें भी खुलने की उम्मीद है।




