दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार

Man arrested for threatening Delhi CM Rekha Gupta

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शख्स को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने डायल 112 पर कॉल करके धमकी दी थी। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है। आरोपी के बारे में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
उसकी पहचान 25 साल के श्लोक तिवारी के रूप में हुई है और उसने शराब के नशे में फोन किया था। पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी आईडी कार्ड भी बरामद किए हैं। बता दें कि दिल्ली पुलिस को गुरुवार और शुक्रवार की रात को डायल 112 पर एक धमकी भरा संदेश मिला था। इस संदेश में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसने धमकी क्यों दी और उसके पीछे क्या मकसद था। हालांकि, पुलिस सूत्रों का कहना है कि पकड़ा गया आरोपी एक ठग है। वह अक्सर अपनी पहचान बदलता रहता है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या वह पहले भी किसी अपराध में शामिल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद ही पूरी जानकारी मिल पाएगी।
गाजियाबाद के सहायक पुलिस आयुक्त ऋतेश त्रिपाठी ने बताया कि सबसे पहले गाजियाबाद पुलिस ने दिल्ली पुलिस के अपने समकक्षों को सतर्क किया और एक टीम को भी पंचवटी कॉलोनी भेजा जहां से कथित तौर पर फोन किया गया था। हालांकि, फोन करने वाला व्यक्ति फरार हो गया था। लेकिन, फिर पुलिस ने आरोपी के सिम कार्ड की जांच की जो गोरखपुर में रजिस्टर्ड पाया गया। इसके बाद गोरखपुर पुलिस से संपर्क किया गया और पुलिस ने संयुक्त रूप से आरोपी को गिरफ्तार किया। इस मामले के बाद से मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button