संगम एक्सप्रेस में चढ़ने में यात्रियों के निकले आंसू, महाकुंभ विशेष ट्रेनें भी साबित हो रहीं नाकाफी

Passengers shed tears while boarding Sangam Express, Maha Kumbh special trains are also proving insufficient

उत्तर प्रदेश डेस्क। ट्रेन से प्रयागराज जाने और आने के लिए भी कन्फर्म टिकट को लेकर मारामारी है। नियमित के साथ महाकुंभ विशेष ट्रेनों में भी दोनों ओर से लंबी वेटिंग है। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि का स्नान है, लेकिन ट्रेनों में प्रयागराज जाने के लिए 28 फरवरी तक कन्फर्म टिकट नहीं हैं। प्रयागराज से आने वाली ट्रेनों की भी यही स्थिति है। बरेली जंक्शन पर इन दिनों रोजाना नौ हजार सामान्य टिकट बिक रहे हैं। शनिवार से यह आंकड़ा 14-15 हजार तक पहुंचने की उम्मीद है। बरेली होकर प्रयागराज के लिए 23 से 28 फरवरी तक रेलवे 14 महाकुंभ विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा। इसके अलावा अप-डाउन 10 नियमित ट्रेनें भी हैं।
सबसे ज्यादा मारामारी 14242-41 सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी और 14308-07 बरेली-प्रयाग एक्सप्रेस में है। नौचंदी में 24 से 27 फरवरी तक नो रूम है। बरेली- प्रयाग एक्सप्रेस के स्लीपर में वेटिंग 100 के पार है। एसी श्रेणियों में भी वेटिंग 40 से 90 तक है। महाकुंभ के दौरान अब तक ज्यादा भीड़ शनिवार और रविवार के दिनों में हो रही है। इसको लेकर रेलवे ने तैयारियां कर ली हैं। प्रयागराज से आने वाली ट्रेनें 27 फरवरी तक फुल हैं। महाकुंभ समापन से पहले जिस तरह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है उसको देखते हुए 10 नियमित और अप-डाउन 14 महाकुंभ विशेष ट्रेनें नाकाफी साबित हो रही हैं।
प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों पर लखनऊ, शाहजहांपुर, हरदोई आदि स्थानों के यात्रियों के दबाव को कम करने के लिए बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर को निरस्त कर 28 फरवरी तक बरेली-लखनऊ के बीच चलाया जा रहा है। इसके बाद भी ट्रेनों पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है। शनिवार और रविवार को उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी के अलावा सिविल पुलिस की भी तैनाती की गई है। जंक्शन पर प्रयागराज संगम एक्सप्रेस के आने से पहले प्लेटफॉर्म पर रस्सी बांधकर यात्रियों को रोका गया। प्रयागराज संगम एक्सप्रेस में शनिवार को इतनी भीड़ थी कि यात्रियों के लिए चढ़ना मुश्किल हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button