नोएडा में ट्रैक्टर-ट्रॉली चुराने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़

2 को लगी गोली, 3 गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बुधवार की सुबह रेलवे लाइन के पास जंगल में कमिश्नरेट पुलिस और पांच शातिर बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। जिसमें दो बदमाशों को गोली लगी है। मुठभेड़ के बाद दोनों बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि इसके एक अन्य साथी को घेरेबंदी कर दबोचा गया है। वहीं इसके दो अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से भाग गये। फरार दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कॉम्बिंग की जा रही है।
पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा दिया है। दोनों घायल बदमाशों के पास से अवैध हथियार, लूट और चोरी का माल बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार हुए दोनों बदमाशों ने हाल ही में शहर में ट्रैक्टर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी चोरी करने से पहले वाहनों की रेकी करते थे। फिर इसके बाद वारदात को अंजाम दिया करते थे। पुलिस घायल बदमाशों की आपराधिक कुंडली खंगाल रही है।
थाना पुलिस के मुताबिक, आज सुबह थाना सूरजपुर पुलिस द्वारा मोजर बीयर गोल चक्कर पर चेकिंग की जा रही थी। तभी चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई कि 20/21 जनवरी की रात्रि को थाना सूरजपुर क्षेत्र के देवला से चोरी किया गया ट्रैक्टर महिंद्रा इस समय रेलवे लाइन के किनारे जा रही सड़क के पास जंगल में खड़ा है। उक्त ट्रैक्टर को चोरी करने वाले अपराधी भी वहां मौजूद है, जो ट्रैक्टर को कही ले जाने की फिराक में है।
उक्त सूचना पर थाना सूरजपुर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम रेलवे लाइन के किनारे जंगल में पहुंची तो पुलिस को देखते ही वहां मौजूद बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इसके बाद पुलिस टीम द्वारा की गयी जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गये। घायल बदमाशों की पहचान आकाश और धनबीर उर्फ गब्बर निवासी ग्राम मिलाकिया, थाना भोगांव, जनपद मैनपुरी वर्तमान निवासी सिद्धार्थनगर, थाना विजयनगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इसके एक साथी बदमाश जिसका नाम पुष्पेंद्र है, इसको कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया है। बदमाशों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, तीन खोखा कारतूस व पांच जिंदा कारतूस, चोरी का ट्रैक्टर ट्राली एवं घटना में प्रयुक्त कार हुंडई औरा टैक्सी बरामद हुई है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। आरोपियों के दो साथी मौके से फरार हो गये जिनकी तलाश के लिए कांबिंग की जा रही है। बदमाशों के अन्य अपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button