पीएम मोदी ने मंच पर प्रत्याशी के तीन बार छुए पैर, पैर छूते हुए देखकर हर कोई रह गया हैरान
PM Modi touched the feet of the candidate three times on the stage, everyone was surprised to see him touching feet

नई दिल्ली/एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बुधवार को दिल्ली के चुनावी दंगल में कूद गए और करतार नगर में अपने पटपड़गंज से प्रत्याशी रविंद्र सिंह नेगी के समर्थन में रैली की। इस रैली में एक वाक्या ऐसा हुआ कि हर कोई देख हैरान रह गया। बता दें कि मंच पर जब बीजेपी प्रत्याशी रविंद्र सिंह नेगी पीएम मोदी के पैर छूने के लिए आगे बढ़े तो पीएम मोदी ने उनके हाथ को रोकते हुए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविंद्र सिंह नेगी के पैर छुए। पीएम मोदी ने सिर्फ एक बार नहीं बल्कि लगातार तीन बार रविंद्र सिंह नेगी के पैर छुए। वहीं, पीएम मोदी को भाजपा प्रत्याशी रविंद्र सिंह नेगी के पैर छूते हुए देखकर हर कोई हैरान रह गया। इस दौरान पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला।
वहीं, रैली में आए लोगों की तरफ देखकर पीएम मोदी ने कहा कि यह जो दृश्य है वो दिल्ली का मूड बता रहा है। जनादेश का दर्शन करा रहे हैं। अब आपदा का झूठ और लूट नहीं चलेगा। यहां के लोग डबल इंजन की सरकार चाहती है जो लोगों का कल्याण और विकास दोनों पर एक साथ काम करती है।
उन्होंने कहा दिल्ली एक ऐसी सरकार चाहती है जो घर बनाए, विकास जल से नल दे। दिल्ली कह रही है कि पांच फरवरी को आपदा जाएगी भाजपा आएगी। पीएम मोदी ने कहा भाजपा ने एक शानदार संकल्प पत्र दिया है। इसमें महिलाओं, युवाओं, मध्यम वर्ग, ऑटो और झुग्गी वालों हर वर्ग के लिए अच्छी योजना लाने का सार्वजनिक वादा किया है। बीजेपी सभी वादे पूरे करेगी। उन्होंने कहा कि आठ फरवरी के बाद भाजपा की सरकार द्वारा सभी वादे तय सीमा में पूरे किए जाएंगे। यह मोदी की गारंटी है। मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी।
भारत के करोड़ों नागरिक विकसित भारत के संकल्प लेकर दिन रात जुटे हुए हैं। यह जरूरी है कि विकसित भारत की राजधानी एक मॉडल शहर बने। आज दिल्ली की जो बदहाली है क्या वह विकसित भारत की राजधानी लग रही है? दिल्ली के लोग सुबह शाम पीड़ा व्यक्त करते हैं।
21वीं सदी के 25 वर्ष देखे हैं। 15 साल कांग्रेस फिर 11 वर्ष आपदा को देखें हैं। दोनों ने दो-दो पीढ़ी को बर्बाद किया है। जाम, टूटी सड़कें, गलियों में सीवर, प्रदूषण, पानी के लिए हाहाकार। कुछ नहीं बदला। इस हालत से बाहर दिल्ली को निकालना है। 11 साल के लंबित काम पूरा करने के साथ 25-30 की तैयारी करनी है।
दिल्ली वाले मोदी को सेवा करने का अवसर दीजिए। देश में बहुत कुछ किया लेकिन, दिल्ली की सेवा करने का अवसर नहीं दिया। कांग्रेस और आपदा को देखा, अब एक बार कमल को देख लीजिए। परिवार के मुखिया की तरह दिल्ली की सेवा करूंगा। अपनी बुद्धि शक्ति सब आपके लिए खपा दूंगा। भाजपा जो कहती है वो पूरा करती है।




