गाजियाबाद में नेवी अधिकारी को एक महीने में 30 बार ठगा, खातों में ट्रांसफर कराए 58 लाख
Navy officer duped 30 times in a month in Ghaziabad, Rs 58 lakh transferred to his accounts

- इंदिरापुरम के शिप्रा सृष्टि निवासी पीड़ित से करीब एक महीने में शेयर में निवेश के लिए धनराशि ट्रांसफर कराई।
- पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में दर्ज हुआ केस, पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
गाजियाबाद। साइबर अपराधियों ने इंदिरापुरम निवासी मर्चेंट नेवी अधिकारी से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 58 लाख 71 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित से आरोपियों ने 30 बार में धनराशि विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराई। पीड़ित ने जब अपने रुपये निकालने चाहे तो उन्हें लाभ के रूप में 15 प्रतिशत मुनाफा जमा करने के लिए कहा गया। परेशान होकर पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराया है। इंदिरापुरम के शिप्रा सृष्टि निवासी संजीव कुमार मर्चेंट नेवी में चीफ इंजीनियर हैं। उनके पास 13 नवंबर को शेयर ट्रेडिंग टिप्स देने वाला मैसेज वॉट्सऐप पर आया। उन्हें एक ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में ट्रेडिंग से जुड़े टिप्स दिए जा रहे थे।
कुछ दिन बाद उन्हें एसएमसी फाइनेंस ऐप डाउनलोड कराया गया। ऐप के जरिए उन्हें ट्रेडिंग शुरू कराई गई। उन्होंने अपने और अपनी पत्नी के नाम से ट्रेडिंग खाता खुलवाकर निवेश शुरू किया। शुरूआत में छोटी धनराशि से शेयरों में निवेश कराकर बड़ी धनराशि आईपीओ के नाम पर निवेश कराई गई।
पीड़ित का कहना है कि उनसे 30 बार में ठगों ने 13 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच विभिन्न बैंक खातों में धनराशि ट्रांसफर कराई है। पीड़ित के मुताबिक उन्हें आइपीओ में निवेश के नाम पर रुपये नहीं होने पर 33 लाख रुपये का लोन भी ट्रेडिंग खाते में दिया गया जिस पर पांच प्रतिशत दैनिक ब्याज की देनदारी बताई गई। पीड़ित ने जब अपने जमा किये हुए रुपये निकालने का प्रयास किया तब उनसे 15 प्रतिशत शुल्क मांगा जो करीब 17 लाख रुपये था। पीड़ित के पास साइबर अपराधी लगातार फोन कर शुल्क जमा कराकर अपनी धनराशि निकालने के लिए फोन कर रहे हैं।




