मेरठ में ज्योतिष परिवार को रेस्टोरेंट में वेज खाने की जगह परोसा नॉनवेज
मुस्लिम स्टाफ पर धर्म भ्रष्ट करने का आरोप

- यूपी के मेरठ स्थित गंगानगर स्थित रोमियो लेन रेस्टोरेंट में मचा हंगामा
- ज्योतिष परिवार ने खाने में विलायती वेज मंगाया था, परोसा नॉनवेज
- परिवार ने रेस्टोरेंट के स्टाफ पर जानबूझकर धर्म भ्रष्ट करने का आरोप लगाया
मेरठ/उत्तर प्रदेश। मेरठ में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मेरठ के गंगानगर स्थित एक कॉम्प्लेक्स स्थित रोमियो लेन रेस्टोरेंट में शुक्रवार शाम एक ज्योतिष परिवार ने खाने में विलायती वेज मंगाया था। हालांकि वेटर ने उन्हें रोस्ट चिकन परोस दिया गया। ज्योतिषी परिवार ने दूसरे संप्रदाय के स्टाफ पर जानबूझकर धर्म भ्रष्ट करने का आरोप लगा हंगामा किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में स्टाफ गलती से दूसरे का ऑर्डर परोसे जाने की बात स्वीकार कर रहा है।
गंगानगर क्षेत्र के रहने वाले एक ज्योतिष अपनी पत्नी, बेटा और बेटी के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। ज्योतिष परिवार ने खाने के लिए विलायती वेज ऑर्डर किया था। कुछ देर बाद वेटर रोस्ट चिकन लेकर आया और खाने के लिए परोस दिया। खाना खाने आए परिवार को स्वाद कुछ अजीब लगने पर परिवार ने वेटर को बुलाकर पूछा, तब पता चला ये रोस्ट चिकन है तो परिवार ने हंगामा शुरू कर दिया।
चिकन परोसने वाले वेटर का नाम पूछा तो उसने सुल्तान बताया। इस पर परिवार और भड़क गया और जानबूझकर धर्म भ्रष्ट करने का आरोप लगाने लगा। सीओ सदर देहात नवीना शुक्ला का कहना है कि परिवार की ओर से शिकायत मिली है। मामला खाद्य सुरक्षा विभाग का है, लेकिन जांच कराई जा रही है। ज्योतिष परिवार को जब गलती से मांसाहार खाने का पता चला तो का उनके परिवार की महिला की तबियत बिगड़ी गई और उन्हें उल्टियां होने लगी। किसी तरह परिवार ने महिला को संभाला। रेस्टोरेंट के मैनेजर का कहना है कि गलती से किसी दूसरी टेबल का ऑर्डर ज्योतिष परिवार को परोस दिया गया, जिसका हमें अफसोस है।
रोमियो लेन रेस्टोरेंट में हिंदू परिवार को मांसाहार परोसे जाने के मामले में रविवार को हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची और किसी तरह समझाया। कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की मांग की है। रविवार को हिंदू संगठन कार्यकर्ता सचिन सिरोही के साथ रोमियो लेन रेस्टोरेंट पहुंच गए और वहां हंगामा किया। उन्होंने मुस्लिम स्टाफ को हटाने की मांग की। वहीं शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को पकाने के लिए अलग रसोई बनाने की मांग की। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यकर्ताओं को समझाया। उसके बाद कार्यकर्ता पीड़ित परिवार से मिले। वहीं, रेस्टोरेंट में कार्यकर्ताओं को बताया गया कि मैनेजर व परोसने वाले स्टाफ को रेस्टोरेंट से हटा दिया गया है।




