पीएम मोदी के दौरे से पहले वाराणसी में नेपाली युवक का आतंक, अचानक फरसे से किया कई लोगों पर हमला, 7 घायल
Before PM Modi's visit, Nepali youth created terror in Varanasi, suddenly attacked several people with an axe, 7 injured

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। पीएम नरेंद्र मोदी के आने के ठीक पहले एक घटना ने बनारस में हड़कंप मचा दिया। वर्ग विशेष के आम लोगों पर एक नेपाली युवक ने मिट्टी काटने वाले फरसे से हमला कर के घायल कर दिया। भेलूपुर थाने से चंद कदमो की दूरी पर गुरुवार की शाम ये घटना हुई। घटना के बाद वर्ग विशेष के लोग बड़ी संख्या में थाने पर इकट्ठा हो गए। नेपाली युवक के हमले में 7 लोग घायल हो गए। पुलिस की मुस्तैदी की वजह मौके से नेपाली युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल की गई फरसे को भी बरामद कर लिया है। पुलिस युवक के हमला करने के पीछे की मंशा जानने में लगी है।डीसीपी काशी जोन गौरव बनस्वाल ने बताया कि नेपाल मूल के एक युवक प्रकाश कुमार माझी ने मिट्टी काटने वाले फरसे से आम लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में कुल 7 लोग जख्मी हो गए। इनमें से 4 लोगो को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है तो बाकी 3 को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। पुलिस ने मौके से ही नेपाली युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच कर रही है कि ये युवक नेपाल से कब आया कब से यहां रह रहा था। गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नेपाली युवक को जेल भेजा जा रहा है।
गुरुवार की शाम भेलूपुर थाने के करीब रेवड़ी तालाब इलाके में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक युवक अचानक से मिट्टी काटने वाले फरसे से आम लोगों पर हमला करने लगा। लोगों को कुछ समझ आता तब तक नेपाली युवक कई लोगो को घायल कर चुका था। युवक के रास्ते में जो भी आ रहा था, वो उस पर हमला कर दे रहा था। कुछ लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थाने पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से हमलावर को पकड़ा।
बहराइच , देवरिया की घटना के बाद बनारस में वर्ग विशेष पर इस हमले की घटना को सुन कर बड़ी संख्या में लोग भेलूपुर थाने पर पहुंचने लगे । मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल बड़ी संख्या में पुलिस बल को रेवड़ी तालाब इलाके में तैनात कर दिया गया। किसी तरह की अफवाह न फैले या माहौल न खराब हो इसे देखते हुए डीसीपी काशी मौके पर पहुंचे और लोगो से सीधा संवाद कायम किया । फिलहाल मौके पर स्थिति तनावपूर्ण लेकिन शांतिपूर्ण है।




