जॉब का झांसा देकर 5 नाबालिगों लड़कियों से सेक्सुअल असॉल्ट, दिल्ली को शर्मसार करने वाला मामला

नई दिल्ली। निहाल विहार इलाके में 5 लड़कियों से सेक्सुअल असॉल्ट का मामला सामने आया है। घटना को लेकर सोमवार रात थाने के बाहर लोगों ने जमकर हंगामा भी किया। लोगों का आरोप था कि इलाके में सरफराज नाम का एक प्रॉपर्टी डीलर नाबालिग लड़कियों को जॉब का झांसा देकर उनकी तस्करी करता है। आरोप लगाया कि वह दस से पंद्रह हजार रुपये में नाबालिग लड़कियों को अपने ऑफिस में जॉब पर रखता है, जिसके बाद उन्हें दूसरे राज्यों में सप्लाई कर देता है।
लोगों ने आरोप लगाया कि आरोपी के वेस्ट बंगाल, ओडिशा, असम, बिहार और झारखंड तक नेटवर्क हैं। लोगों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का भी गंभीर आरोप लगाया। उधर, थाने पर भीड़ का हंगामा करने की सूचना मिलते ही सीनियर पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए। भीड़ के गुस्से को देखते हुए थाने का गेट भी कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया। पुलिस अफसरों ने उचित कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया। इस मामले में पुलिस ने छानबीन के आधार पर सेक्सुअल असॉल्ट व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि 5 लड़कियों से सेक्सुअल असॉल्ट की पुष्टि हुई है। उनकी तरफ से शिकायत मिल चुकी है।
पुलिस अफसर के मुताबिक, सोमवार दोपहर 12:57 पर एक पीसीआर कॉल मिली। कॉलर ने बताया कि उसकी 13 साल की बेटी एक दिन पहले रविवार सुबह 11 बजे से अपने घर से लापता है। आरोप लगाया कि उसकी बेटी का प्रॉपर्टी डीलर सरफराज ने किडनैप कर लिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इस बाबत परिजनों के बयान पर केस दर्ज कर लिया गया। लापता नाबालिग लड़की को बरामद किया गया। उसकी मेडिकल जांच कराई गई। जांच के दौरान पता चला कि यह अपहरण का मामला नहीं है, बल्कि 5 नाबालिग लड़कियों के साथ सेक्सुअल असॉल्ट हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने पॉक्सो और अन्य धाराएं जोड़ लीं। पुलिस ने वंदना विहार निवासी आरोपी सरफराज को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच जारी है।




