जिंदा सांप को डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंचा युवक, इलाज बीच में छोड़ करवाने लगा झाड़-फूंक

कटिहार/बिहार। कटिहार जिले में एक मजदूर की मौत सांप काटने के बाद इलाज में देरी से हो गई। मजदूर को अंधविश्वास के चलते समय पर इलाज नहीं मिल पाया और उसकी जान चली गई। मिली जानकारी के मुताबिक, कटिहार जिले के आलमपुर गांव में महानंदा नदी किनारे मजदूरी करते समय एक मजदूर टिंपा राय को सांप ने डस लिया। टिंपा ने गुस्से में आकर सांप को जिंदा पकड़ लिया और उसे डिब्बे में बंद करके आजमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंच गया। टिंपा का मानना था कि अगर वह सांप को नहीं दिखाएगा तो डॉक्टर को कैसे पता चलेगा कि किस सांप ने काटा है।
सीएचसी में जिंदा सांप को देखकर डॉक्टर और मरीज हैरान रह गए। लोगों की भीड़ सांप को देखने के लिए उमड़ पड़ी। इस दौरान टिंपा ने बताया कि वह इसलिए सांप को लेकर आया है, ताकि डॉक्टर उसे देखकर सही इलाज कर सकें। डॉक्टर ने उसे देखा और इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हालांकि, हायर सेंटर जाने से पहले ही टिंपा अस्पताल से भागकर एक नीम हकीम के पास चला गया। नीम हकीम ने घंटों तक उसे नीम के पत्तों से झाड़ा-फूंकी की। लेकिन टिंपा की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे वापस आजमनगर सीएचसी ले गए। वहां से उसे कटिहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज में देरी की वजह से उसकी मौत हो गई।
टिंपा के परिजनों ने बताया कि मंगलवार को जब वह काम कर रहा था तभी उसे सांप ने काट लिया। उसने गुस्से में आकर सांप को पकड़ लिया और उसे एक डिब्बे में बंद करके सीएचसी ले गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button