रीवा में महिलाओं को जिंदा दफनाने वाले मुख्य आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर, घटना को बताया साजिश

रीवा/मध्य प्रदेश। प्रदेश भर में दो महिलाओं को मुरुम के नीचे दफनाने का मामला चर्चा का विषय बन चुका था। जिले के मनगंवा में हुए मुरूम कांड के मुख्य आरोपी बनाए गए गोकरण प्रसाद पांडेय ने मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वहीं, आरोपी ने महिलाओं के द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए अपने को निर्दोष बताया है। उसने कहा कि जिस दौरान डंफर के चालक द्वारा मुरुम गिराया जा रहा था। तभी दोनों महिलाएं खुद ही डंफर के नीचे आकर बैठ गई थी। इसके चलते वो मुरूम के नीचे दब गई थी।
इन दिनों पूरे प्रदेश में रीवा जिले के मनगंवा में हुआ मुरुम कांड बहुचर्चित हुआ। जिसमें महिलाओं को मुरुम में दबाकर मारने का प्रयास किया गया। यह घटना अब प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। कांग्रेस जहां इसे मुद्दा बनाकर लगातार प्रदेश सरकार पर हमलावर है। वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस मामले में पुलिस को सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। जिसमे डंफर मालिक और डंफर के ड्राइवर सहित पीड़ित महिलाओं का एक रिश्तेदार है। इस मामले में पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी बनाए गए गोकरण प्रसाद पांडेय ने मंगलवार को रीवा कोर्ट पहुंचकर सरेंडर कर दिया। जिसके बाद पुलिस उन्हे अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई।
गोकरण और महिलाओं के परिवार के बीच ही जमीनी विवाद चल रहा था। गोकरण पांडेय ने महिलाओं द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि जिस दौरान डंफर के चालक द्वारा मुरूम गिराया जा रहा था। तभी दोनो महिलाएं खुद ही डंफर के नीचे आकर बैठ गई थी और वो मुरुम के नीचे दब गई थी। उन्होंने इस घटना को एक षड़यंत्र बताते हुए अपने को निर्दोष बताया है।




