साइबर ठगों को खाता बेचने के मामले में आईसीआईसीआई बैंक कर्मचारी सहित दो आरोपित गिरफ्तार

गुरुग्राम। साइबर ठगों को खाता बेचने के मामले में मानेसर साइबर पुलिस ने पंजाब से आईसीआईसीआई बैंक के कर्मचारी समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस खाते में ठगी हुई राशि गई थी। बताया गया कि अलग-अलग साइबर ठगी के मामले में बीते पांच महीने में गुरुग्राम पुलिस 16 बैंक कर्मचारियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
डीसीपी साइबर क्राइम सिद्धांत जैन ने बताया कि 29 फरवरी को एक व्यक्ति ने साइबर मानेसर थाने में ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। कहा थी कि अच्छे रिटर्न का प्रलोभन देकर एक एप के माध्यम से शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करने के नाम पर उससे लगभग 25 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की गई।
वहीं, केस दर्ज करने के बाद थाना पुलिस ने जांच करते हुए आरोपितों की धर पकड़ के लिए पंजाब के तीन जिलों संगरूर, पटियाला व फतेहगढ़ साहिब में छापामारी की। इस छापामारी में दो लोगों को पंजाब से पकड़ कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी पहचान पंजाब के फतेहगढ़ साहिब निवासी हरप्रीत और पटियाला के गांव नोहरा निवासी देवेंद्र के रूप में की गई।
पुलिस रेड के दौरान पंजाब के थाना भवानीगढ़ जिला संगरूर में तैनात पंजाब पुलिस के होमगार्ड रामपाल सिंह ने सराहनीय कार्य करते हुए दोनों को पकड़ने में साइबर मानेसर थाना पुलिस टीम का भरपूर सहयोग किया।
वहीं, पुलिस पूछताछ में पता चला कि शिकायतकर्ता से ठगी गई राशि में से 25 लाख रुपये जिस बैंक खाता में आए थे, वह आरोपी देवेंद्र के नाम था। उसने यह बैंक खाता 10 हजार रुपये में हरप्रीत को बेच रखा था और हरप्रीत ने यह बैंक खाता 20 हजार रुपये में इसके एक अन्य साथी को बेच दिया था। हरप्रीत मंडी गोविंदगढ़ में आईसीआईसीआई बैंक में काम कर रहा था। आगामी पूछताछ के लिए हरप्रीत को कोर्ट में पेश करके दो दिन के पुलिस रिमांड में लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button