पुलिस की गाड़ी ने मचाया तांडव, बाइक सवार को 100 मीटर तक घसीटा, फुटपाथ पर खड़े लोगों को भी मारी जोरदार टक्कर

अशोकनगर/मध्यप्रदेश। अशोकनगर जिले में पुलिस की गाड़ी ने सड़क पर जमकर तबाही मचाई। जो भी सामने आया उसे टक्कर मारते हुए आगे निकल गई। इस घटना में पुलिस की गाड़ी ने एक बाइक वाले को 100 मीटर तक घसीटा, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं सड़क किनारे फल और सब्जी का ठेला लगाने वाले लोगों को भी टक्कर मारकर घायल कर दिया। इस दौरान सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
दरअसल, घटना सोमवार सुबह 6:30 का बताया जा रहा है। ओम कॉलोनी निवासी अशोक पिता जगन्नाथ राठौर उम्र 54 साल सब्जी खरीदने के लिए बाइक से नवीन मंडी जा रहे थे। तभी चिंता हरण मंदिर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पुलिस की गाड़ी ने टक्कर मार दी। बाइक को घसीटते हुए 100 मीटर तक अपने साथ ले गया। वहीं सड़क किनारे सब्जी का ठेला लगाने वाले लल्लू अहिरवार उम्र 52 वर्ष निवासी नगेश्वरी और जितेंद्र कुशवाहा उम्र 32 वर्ष निवासी अशोकनगर को भी जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें अशोक राठौर ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया। दो ठेला लगाने वाले दुकानदार इस घटना में घायल हो गए।
मृतक अशोक राठौड के परिजनों ने पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि यह घटना पुलिस की गाड़ी से हुई है। उस गाड़ी पर अ.जा.क थाना प्रभारी लिखा था। गाड़ी कोई दीवान चला रहा था। परिजनों का कहना है कि हमने नामजद रिपोर्ट दर्ज करने की मांग कि तो थाने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। पुलिस की गाड़ी से हादसा होने की वजह से उन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों ने मामले पर आपत्ति जताते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। बाद मे मौके पर एसडीओपी विवेक शर्मा पहुंचे और उन्होंने निष्पक्ष कार्रवाई की बात कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button