ग्रेटर नोएडा में 15वीं मंजिल से कुत्‍ते को फेंका, हुई मौत, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली एरिया की अजनारा होम्स सोसायटी में कुत्ते को ऊंचाई से फेंकने का मामला सामने आया है। एक टावर के फ्लैट की बालकनी से नीचे फेंके गए कुत्ते की मौत हो गई। घटना के बाद परिसर में रह रहे पशु प्रेमियों ने नाराजगी जाहिर की और पुलिस को मौके पर बुलाया। आरोप है कि किसी ने जानबूझकर ऊपर से नीचे फेंका है। मामले की शिकायत बिसरख कोतवाली में दी है। पुलिस ने पशु प्रेमियों की शिकायत पर एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है।सोसायटी निवासी और पशु प्रेमी कीर्ति वर्मा ने बताया कि कुत्तों के साथ लोग बेहद गलत तरीके से पेश आ रहे हैं। सोसायटी में गुरुवार को ओ टावर के पास एक कुत्ते का शव मिला था। आरोप है कि टावर के नीचे पार्किंग एरिया में ऊंचाई से डॉग को फेंका गया है, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। अपार्टमेंट ओनर्स असोसिएशन के अध्यक्ष चंदन सिन्हा ने बताया कि सोसायटी में आवारा कुत्तों का आतंक है, लेकिन कुत्ते को ऊंचाई से फेंकना या गिराना बेहद गंभीर विषय है। इस मामले में एओए की टीम खुद जांच कर रही हैं। कुछ लोगों ने आक्रोश में एओए व अन्य सदस्यों के खिलाफ शिकायत दी है, लेकिन वे निराधार हैं। फीमेल डॉग को पास में ही ग्रीन बेल्ट दफनाया है,जो कि बेहद गलत है। इसका हम लोग विरोध करते है।
बिसरख एसएचओ अरविंद कुमार ने बताया कि सोसायटी में ऊंचाई से एक कुत्ते को फेंकने को लेकर पशु प्रेमियों ने शिकायत दी थी। मौके पर टीम गई थी। पशु प्रेमियों की शिकायत पर एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बता दें कि ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी-2 सोसयटी के 14 एवेन्यू में दो फरवरी को कुत्ते के बच्चे को ऊपर से फेंक दिया गया था। इस मामले में पशु प्रेमियों ने बच्चे के पिता और उसके खिलाफ केस भी दर्ज कराया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button