नोएडा के बाद गाजियाबाद में भी स्कूलों की छुट्टी, डीएम ने जारी किया आदेश

गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर ने दस्तक दे दी है। कई इलाकों में धुंध की वजह से दृश्यता जीरो हो गई है। सर्दी को देखते हुए पहले नोएडा और अब गाजियाबाद में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। गाजियाबाद जिला कार्यालय की ओर से आदेश जारी किया गया है।
जिलाधिकारी के आदेश पर 29 और 30 दिसंबर को नर्सरी से कक्षा आठ तक सभी स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ने बताया कि घने कोहरे और अत्यधिक सर्दी को देखते हुए जनपद में संचालित परिषदीय, सहायता प्राप्त, अशासकीय सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य सभी बोर्ड के कक्षा नर्सरी से आठ तक के समस्त स्कूल बंद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि दोनों दिन विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षक और कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहते हुए यू-डायस फीडिंग और विभाग के अन्य कार्य पूर्ण करेंगे। इसी के साथ जनपद के परिषदीय स्कूलों में 29 दिसंबर से 14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। 15 जनवरी से परिषदीय स्कूल खुलेंगे।
इससे पहले बीते बुधवार को कोहरे के चलते गाजियाबाद में स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गाजियाबाद ने कक्षा 1 से आठवीं तक के सभी स्कूल सुबह 10 बजे से 3 बजे तक संचालित करने का आदेश दिया है।
नोएडा में भी स्कूलों की छुट्टी
ऐसे में नोएडा में सर्दी और कोहरे को देखते हुए नर्सरी से कक्षा 12 तक के छात्रों का सभी स्कूलों में 29 दिसंबर से 30 दिसंबर तक प्रशासन ने अवकाश घोषित किया। जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर ने आदेश जारी किया कि जिले में सभी बोर्ड के कक्षा 1 से लेकर 12 तक मान्यता प्राप्त सीबीएसई, आईसीएसई, बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल अत्यधिक ठंड को देखते हुए 29 और 30 दिसंबर को बंद रहेंगे।
दिल्ली में सर्दी को लेकर रेड अलर्ट
मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि आने वाले सप्ताह में सुबह अधिकांश स्थानों पर घने से बहुत घने कोहरे का पूर्वानुमान है। दिल्ली को पहले ही रेड अलर्ट दिया जा चुका है। दृश्यता सीमा 199 मीटर से 50 मीटर तक या 50 मीटर से भी कम हो सकती है। इस समय घने से बहुत घने कोहरे के पूर्वानुमान के कारण सजग रहने की चेतावनी है।




