महाकाल मंदिर में प्रतिबंधित क्षेत्र में रील बनाने से मना करने पर गार्ड से भिड़ गईं लड़कियां, जमकर की पिटाई

उज्जैन/मध्य प्रदेश। उज्जैन जिले में स्थित महाकालेश्वर मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में कुछ लड़कियां रील बना रही थीं। वहां मौजूद महिला सुरक्षाकर्मियों ने जब उन्हें रील बनाने से रोका तो वे मंदिर परिसर के अंदर ही उनकी पिटाई कर दीं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महाकालेश्वर मंदिर के परिसर में शनिवार को यह घटना हुई थी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हो गई है। महाकाल थाना पुलिस ने मारपीट करने वाली लड़कियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दरअसल, यह मामला शनिवार का है। नागदा से चार लड़कियां महाकाल मंदिर में दर्शन करने आईं थीं। वे चारों लड़कियां मंदिर परिसर के अंदर ही रील बनाने लगीं। पास खड़ी महिला सुरक्षाकर्मियों ने जब रील बनाने से मना किया तो वे चारों उन महिला सुरक्षाकर्मियों के साथ बहस करने लगीं। बात इतनी आगे बढ़ गई कि चारों ने उन तीनों महिला सुरक्षकर्मियों की पिटाई कर दी। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद महिला सुरक्षाकर्मियों ने चारों लड़कियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
महाकाल थाना के प्रभारी अजय वर्मा ने बताया कि मंदिर परिसर के प्रतिबंधित क्षेत्र में रील बनाने से रोकने पर दो महिलाओं और कुछ अन्य व्यक्तियों ने मिलकर तीन महिला सुरक्षाकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया और उनकी पिटाई भी की। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी महिलाओं की पहचान पलक और परी के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षाकर्मी शिवानी पुष्पद, संध्या प्रजापति और संगीता चंगेसिया एक निजी सुरक्षा कंपनी में काम करती हैं। अधिकारी ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 323 (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 294 (सार्वजनिक रूप से अश्लील हरकतें करने) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी नागदा कस्बे के रहने वाले हैं।गौरतलब है कि महाकाल मंदिर में आए दिन सुरक्षकर्मियों और श्रद्धालुओं के बीच विवाद होते रहते हैं। बता दें कि महाकाल मंदिर समिति की ओर से परिसर में मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। अगर कोई मोबाइल अंदर ले जाता है तो उस पर जुर्माना भी लगाने का प्रावधान है। इसके बावजूद लोग मोबाइल लेकर अंदर प्रवेश कर जाते हैं और वीडियो बनाने लगते हैं और फोटो खिंचने लगते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button