आगरा में वकील को 8वीं मंजिल से फेंकने के आरोप में एसएचओ समेत चौकी इंचार्ज सस्पेंड

आगरा/उत्तर प्रदेश। अधिवक्ता की मौत का मामला उलझ गया है। पुलिस टीम पर उसे 8वीं मंजिल से नीचे फेंकने का आरोप लगा है। पत्नी की तहरीर पर थाना न्यू आगरा के एसओ, चौकी इंचार्ज समेत 10 लोगों पर हत्या का केस दर्ज हुआ है। पुलिस टीम शुक्रवार को अधिवक्ता को पकडऩे के लिए उसके घर गई थी। जहां अपार्टमेंट की 8वीं मंजिल से नीचे गिरकर अधिवक्ता की मौत हो गई।
इस मामले में वकीलों ने पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। शनिवार रात थाना सिकंदरा में केस दर्ज किया गया। पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौर ने थानाध्यक्ष राजीव कुमार और दयालबाग चौकी इंचार्ज अनुराग सिंह को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में पड़ताल शुरू कर दी है।
घटना शुक्रवार रात करीब 10.45 की है। थाना न्यू आगरा में दर्ज अपहरण और जबरन बैनामा कराने के आरोप में वांछित अधिवक्ता सुनील शर्मा को पकडऩे के लिए पुलिस टीम गई थी। थाना सिकंदरा के यूपीएसआईडीसी रोड स्थित मंगलम आधार अपार्टमेंट की 8वीं मंजिल के फ्लैट नंबर 801 में अधिवक्ता रहता था। उसकी पत्नी ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि पुलिस टीम ने उसके फ्लैट का दरवाजा तोड़ा।
पति को पकडक़र बगल वाले फ्लैट 802 में ले गए। उसके पति के चीखने की आवाजें आने लगीं। इसके बाद पुलिस ने उसे 8वीं मंजिल से नीचे फेंक दिया। इस आरोप के तहत थाना सिकंदरा में एसओ राजीव कुमार, चौकी इंचार्ज अनुराग सिंह समेत 10 पुलिसकर्मियों और अधिवक्ता पर अपहरण का केस दर्ज करवाने वाले मनोज शर्मा पर अपराधिक षडयंत्र रचने का केस दर्ज किया है।
अधिवक्ता के गिरने का वीडियो वायरल
शुक्रवार रात 10.45 पर अधिवक्ता सुनील शर्मा अपार्टमेंट की बालकनी से नीचे गिरे थे। इसके बाद उन्हें एसएन अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। अधिवक्ता के नीचे गिरने का सीसीटीवी वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वह बिल्डिंग से मुंह के बल नीचे गिरे थे। ऊपर से गिरने के दौरान हिलते-डुलते हुए दिखाई नहीं दे रहे थे। सीसीटीवी में सिर्फ उनके नीचे गिरने का वीडियो सामने आया है। अभी पोस्ट मार्टम रिपोर्ट नहीं आयी है। मौत का कारण तभी स्पष्ट हो पाएगा।
पत्नी ने लगाए पुलिस पर आरोप
अधिवक्ता सुनील शर्मा की पत्नी सुनीता शर्मा ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुनीता शर्मा ने अपनी तहरीर पर लिखा है कि अपराधिक षडयंत्र के तहत उसके पति सुनील शर्मा पर मनोज शर्मा ने केस दर्ज कराया है। सुनीता शर्मा ने कहा कि शुक्रवार रात 10.45 पर उनके घर आए। पुलिस वालों ने कहा था कि अपने पति को थाना न्यू आगरा भेज देना। उनके खिलाफ केस दर्ज है। इसके 10 मिनट बाद फिर से पुलिस वाले आए और उनके फ्लैट का मुख्य दरवाजा तोड़ दिया।
सुनीता शर्मा का आरोप है कि पुलिस वालों ने अंदर आकर उनके पति को दबोच लिया। जान से मारने की नीयत से बराबर वाले फ्लैट 802 में घसीटकर ले गए। कुछ मिनट बाद उसके पति के चीखने की आवाजें आईं। वह चिल्लाती हुई बाहर आयीं। एसओ राजीव कुमार और चौकी इंचार्ज अनुराग सिंह और अन्य पुलिस वालों ने उसके पति को बालकनी से नीचे फेंक दिया। डीसीपी सिटी सूरज राय का कहना है कि मामले में साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। जल्द ही सच सामने आ जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button