आजमगढ़ जिला अस्‍पताल की बड़ी लापरवाही,शख्स के बाएं पैर में लगी गोली, डॉक्टर ने दाएं पैर में चोट दिखाकर किया डिस्चार्ज

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। आजमगढ़ जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां डॉक्‍टरों ने गोली से घायल एक युवक की गलत मेडिकल रिपोर्ट बना दी। इसका फायदा घटना को अंजाम देने वाले 4 आरोपियों ने उठा लिया। पुलिस ने उनका मामूली धाराओं में चालान कर दिया। पीड़ित ने डीएम से शिकायत की तो डीएम के निर्देश पर अस्पताल प्रशासन ने चार सदस्यीय कमेटी से पुन: घायल युवक का मेडिकल कराया। सरायमीर थाना के खानपुर गांव निवासी अरविंद यादव को 24 जनवरी को गोली मार दी गई थी। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। यहां वह आर्थों वार्ड में बेड संख्या 16 पर भर्ती रहा। मामला गोली मारे जाने का था तो पुलिस को मेडिकल रिपोर्ट की आवश्कता थी। इस पर डॉक्टर ने पुलिस को गलत मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध करा दी। इसमें बाएं पैर में गोली लगने के बाद भी रिपोर्ट में दाएं पैर में गोली लगने की बात लिख दी गई। इस गलत रिपोर्ट का आरोपियों को फायदा मिला और पुलिस ने उनका मात्र 151 में ही चालान कर दिया। जब इस बात की जानकारी घायल के परिजनों को हुई तो परिजनों ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई। जिलाधिकारी के निर्देश पर घायल युवक का मेडिकल फिर से चार सदस्यीय कमेटी ने किया और अपनी रिपोर्ट पुलिस को भेज दी। टीम में डॉ. एसके विमल, डॉ. बीके श्रीवास्तव, डॉ. एससी कन्नौजिया व डॉ. पीबी प्रसाद शामिल थे। अस्‍पातल की ओर से कहा गया कि मेडिकल रिपोर्ट में गलती से बाएं के स्थान पर दायां पैर लिख गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button