मोबाइल स्नैचर को दबोचा तो हुई सम्मानित बहादुर लड़की

नई दिल्ली। मोबाइल झपटकर भाग रहे स्नैचर को 12वीं की स्टूडेंट ने बहादुरी से पकड़ लिया। सोमवार शाम स्टूडेंट उस समय केशवपुरम में ट्यूशन पढ़ाने जा रही थी, जब ये वारदात उसके साथ हुई। छात्रा ने हिम्मत नहीं हारी और पब्लिक की मदद से आरोपी को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान राकेश के तौर पर हुई जो वजीरपुर जेजे कॉलोनी का रहने वाला है। पहले से ही इस पर 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इससे मोबाइल व बाइक जब्त कर लिए। बाइक रंजीत नगर थाना एरिया से चोरी की पाई गई।
राहगीरों की मदद से पकड़ा
पुलिस अफसर के मुताबिक, स्टूडेंट परिवार के साथ त्रिनगर इलाके में रहती हैं। परिवार में माता-पिता के अलावा दो बड़ी बहनें व एक छोटा भाई है। स्टूडेंट ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम करीब चार बजे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के लिए घर से निकली थीं। शांति नगर रोड पर पहुंचते ही मोबाइल पर किसी का कॉल आया। जैसे ही फोन पिक किया, तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार ने मोबाइल छीना और भागने लगा। छात्रा ने फुर्ती के साथ शोर मचाते हुए बाइक का पीछा किया। कुछ दूरी उसके पीछे भागती रहीं। तभी संतुलन बिगड़ने से बाइक सवार सड़क पर गिर गया। इस दौरान राहगीरों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। आरोपी की तलाशी ली तो इसने अपने मुंह से ब्लेड निकाला। फिर अपने पर्स से कई छोटे ब्लेड भी निकाले। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
भाई-बहन ने लुटेरों को किया पस्त
नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के जाफराबाद इलाके में लूटपाट के इरादे से घर घुसे हथियारबंद बदमाशों को भाई और बहन ने सूझबूझ दिखा कर पस्त कर दिया। तीन लुटेरों की पब्लिक ने जमकर धुनाई की, जबकि एक फरार होने में सफल रहा। आरोपी मौजपुर निवासी इरफान उर्फ मिचाले, करीमुद्दीन उर्फ शेहजान और मेहरन को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके चौथे फरार साथी वसीम उर्फ डकारू की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने जूलरी, कैश और अन्य सामान बरामद किया है। कुछ सामान आरोपी वसीम लेकर फरार हो गया।
बदमाशों ने रॉड से किया हमला
पुलिस के मुताबिक, निसार (25) परिवार के साथ चौहान बांगर की गली नंबर-4 में रहते हैं। ये मदर डेरी का दूध सप्लाई करते हैं। बिल्डिंग की चौथी और पांचवीं मंजिल पर निसार के दो फ्लैट्स हैं, जिनमें उनकी पूरी फैमिली रहती है। संडे को चौथी मंजिल पर ताला लगाकर फैमिली पांचवीं मंजिल पर थी। इस दौरान उनकी छोटी बहन सबा चाय बनाने नीचे पहुंची तो फ्लैट का ताला टूटा हुआ था। भीतर घुसते ही चार युवक मिले, जिन्हें देख कर शोर मचा दिया। एक बदमाश ने लोहे ही रॉड से हमला कर दिया। बहन की चीख सुनकर निसार भी नीचे आ गए। इसी दौरान सबा ने मौका देख कर फ्लैट के बाहर निकलकर गेट की कुंडी लगा दी। भाई निसार को वाकया बयां किया। एक बदमाश ने खिड़की का शीशा तोड़ पिस्टल तान दी और कुंडी नहीं खोलने पर गोली मारने की धमकी दी। निसार ने दिलेरी दिखा खिड़की से निकला हाथ पकड़ लिया। पिस्टल नीचे गिर गई तो बदमाश भीतर भाग गए। निसार और सबा ने परिजनों और पड़ोसियों को इकट्ठा कर लिया। तीन बदमाश काबू कर लिए, जबकि एक भाग गया।




