गणतंत्र दिवस परेड में दिल्ली पुलिस का मार्चिंग दस्ता रहा बेस्ट

नई दिल्ली। नॉर्थ जिले की अडिशनल डीसीपी-2 श्वेता सुगतन के लिए गृह मंत्रालय से सोमवार को दो खबरें आईं। पहली थी कि गणतंत्र दिवस परेड में दिल्ली पुलिस के जिस ऑल विमिन कंटिजेंट की उन्होंने अगुआई की थी, वो बेस्ट आंका गया था। दूसरी खबर उनका ट्रांसफर अंडमान निकोबार होने की थी। बहरहाल, दिल्ली पुलिस के मार्चिंग दस्ते को लगातार दूसरी बार लीड कर 2019 बैच की ये आईपीएस इतिहास में अपना नाम दर्ज करा चुकी हैं। वो 2023 में भी कमांडर थीं, जो पुरुषों का दस्ता था।
दिल्ली पुलिस इससे पहले रिपब्लिक डे परेड में 15 बार बेस्ट मार्चिंग कंटिजेंट की ट्रॉफी जीत चुकी है। पहली बार 1987 में नंबर वन का गौरव हासिल हुआ था, जबकि आखिरी बार 2021 में इसकी टुकड़ी सर्वश्रेष्ठ रही थी। इस बार की खासियत ये थी कि परेड में 20 दस्ते थे, जिनमें 11 महिलाओं की टुकड़ियां थीं। दिल्ली पुलिस के ऑल विमिन कंटिजेंट ने पहली बार हिस्सा लिया था। पाइप और ब्रास बैंड में भी महिलाएं ही थीं, जिसकी गाइड 57 साल की इंस्पेक्टर किरण सेठी थीं। दिल्ली पुलिस की महिलाओं की कामयाबी के पीछे एक पुरुष का अहम योगदान रहा, जो 36 साल से दिल्ली पुलिस में ड्रिल इंस्ट्रक्टर हैं।
ये शख्स हैं इंस्पेक्टर बिशन ठाकुर, जिन्होंने इस दस्ते को ट्रेंड करने में जी-तोड़ मेहनत की। हिमाचल के चंबा निवासी 59 वर्षीय बिशन ठाकुर की गणतंत्र दिवस परेड की ये आखिरी तैयारी थी, वे इस साल सितंबर में रिटायर हो रहे हैं। दिल्ली पुलिस के दस्ते के बेस्ट घोषित होने की खबर मिलते ही वो खुशी से झूम उठे। उन्होंने कहा कि हमारी मेहनत कामयाब हो गई। मेरे लिए रिटायरमेंट के साल में इससे बेहतर तोहफा कुछ नहीं हो सकता। ये आला अफसरों के मार्गदर्शन में कमांडर आईपीएस श्वेता सुगतन और बैंड लीडर कॉन्स्टेबल रुयांगुनुओ केनेसे समेत दस्ते में शामिल पूरे स्टाफ की सफलता है।
दिल्ली पुलिस प्रवक्ता डीसीपी सुमन नलवा ने बताया कि परेड के लिए महिला स्टाफ के सिलेक्शन की प्रक्रिया पिछले साल अप्रैल से शुरू हो गई थी। इसके जरिए 350 स्टाफ को चुना गया, जिनकी अक्टूबर 2023 तक हर शुक्रवार को प्रैक्टिस कराई गई। चीफ ड्रिल इंस्ट्रक्टर बिशन ठाकुर की निगरानी में 1 नवंबर से रेगुलर अभ्यास कराया गया। आईपीएस श्वेता ने महिला स्टाफ को मोटिवेट किया। पूर्व आईपीएस किरण बेदी ने 1975 में दिल्ली पुलिस के मार्चिंग दस्ते की अगुआई की थी। इसके बाद श्वेता ने 2023 में लीड कर 48 साल बाद ये गौरव हासिल किया था, जिन्होंने इस साल भी लीड किया।

Image

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button